दुबई में 15 साल की कमाई पर डाका! गांव लौटते ही महिला के खाते से उड़ गए साढ़े आठ लाख रुपये




*जागता झारखंड संवाददाता विक्की कुमार डुमरी गुमला*

डुमरी थाना क्षेत्र के पतराटोली गांव निवासी स्टेला कुजूर ने अपनी जीवनभर की जमा-पूंजी हड़प लिए जाने का आरोप लगाते हुए थाना में शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी देते हुए बुधवार सुबह दस बजे बतया गया कि  पीड़िता के मुताबिक, उन्होंने करीब पंद्रह वर्षों तक दुबई में घरेलू कार्य कर मेहनत से कमाई की और वर्ष दो हजार इक्कीस में गांव लौटने के बाद अपनी बचत बैंक ऑफ इंडिया, डुमरी शाखा के खाते में जमा कर रखी थी। स्टेला कुजूर ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि ब्लॉक के समीप रहने वाली जगरानी मिंज ने उन्हें एक कंपनी में पैसा जमा कराने का झांसा दिया। आरोप है कि जगरानी मिंज ने बैंक से राशि निकालकर कंपनी में जमा करने की बात कहते हुए उनसे निकासी फॉर्म पर अंगूठे का निशान लगवा लिया। इसके बाद नवंबर दो हजार इक्कीस में उनके खाते से करीब साढ़े आठ लाख रुपये निकाल लिए गए।

पीड़िता का कहना है कि वह अनपढ़ एवं अविवाहित हैं, जिसका फायदा उठाकर उनकी पूरी मेहनत की कमाई निकाल ली गई। जब उन्होंने अपनी राशि वापस मांगी तो उन्हें पैसा नहीं लौटाया गया। अब उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा उनकी राशि वापस दिलाने की मांग की है।

वहीं, डुमरी पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।


















Post a Comment

और नया पुराने