प्रतिनिधि, जागता झारखण्ड, पूर्णिया (बिहार)। सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने पूर्णिया कोर्ट रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन की अव्यवस्था और यात्रियों को हो रही असुविधाओं को देख उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान सांसद ने पाया कि यात्रियों के लिए बुनियादी व्यवस्थाएं भी संतोषजनक नहीं हैं, जिससे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।सांसद ने स्टेशन परिसर से ही समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम एवं संबंधित अधिकारियों से फोन पर विस्तार से बात की और उन्हें जमीनी हकीकत से अवगत कराया। उन्होंने डीआरएम से विशेष रूप से आग्रह किया कि स्टेशन पर बुजुर्गों और महिलाओं के बैठने के लिए जल्द से जल्द समुचित इंतजाम किए जाएं और स्वच्छ शौचालयों की सुविधा सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही सांसद ने आंधी के कारण क्षतिग्रस्त हो चुके यात्री शेड का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया और उसे तुरंत दुरुस्त कराने की बात कही। मौके पर स्टेशन मास्टर सहित अन्य रेलकर्मी मौजूद रहे। सांसद ने स्पष्ट तौर पर कहा कि यात्रियों की सुविधा उनकी प्राथमिकता है और इन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए वे लगातार रेल प्रशासन के संपर्क में रहेंगे।


एक टिप्पणी भेजें