नल-जल योजना की बदहाली पर बरसे प्रदीप पासवान, कहा— प्यासे हैं लोग तो किस काम का विकास!

 


जागता झारखंड प्रतिनिधि, कटिहार (बिहार)। जिले में 'हर घर नल का जल' योजना की बदहाली को लेकर कटिहार जिला कांग्रेस के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष प्रदीप कुमार पासवान ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना भ्रष्टाचार और प्रशासनिक उदासीनता के कारण दम तोड़ रही है। जिले के अधिकांश गांवों में पानी की सप्लाई महीनों से बंद है और जहां पानी आ भी रहा है, वहां इतना दूषित और गंदा जल मिल रहा है कि वह बीमारियों को दावत दे रहा है।प्रदीप पासवान ने कहा कि "हर घर जल" का सपना आज एक छलावा साबित हो रहा है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जिस समाज में लोग प्यासे हों, वहां विकास की बातें करना व्यर्थ है। इस कुव्यवस्था का सबसे भयावह असर अनुसूचित जाति, गरीब और मजदूर परिवारों पर पड़ रहा है, जो साफ पानी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी जमीनी हकीकत से आंखें मूंदकर बैठे हैं, जबकि जनता बूंद-बूंद पानी के लिए त्राहि-त्राहि कर रही है।उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि जर्जर पाइपलाइनों और बंद पड़ी जलापूर्ति को अविलंब दुरुस्त किया जाए। श्री पासवान ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही जलापूर्ति की स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ आम जनता के अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा। विकास केवल कागजों पर नहीं, बल्कि लोगों के घरों के नलों में भी दिखना चाहिए।

Post a Comment

और नया पुराने