जागता झारखंड संवाददाता गुलाम हैदर, जमुआ (गिरिडीह) : गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र में हुए चर्चित लूटकांड का पुलिस ने सफल खुलासा कर लिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूट की राशि का कुछ हिस्सा, घटना में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल भी बरामद किए गए हैं।जानकारी के अनुसार, 12 मई 2026 की सुबह करीब 8:15 बजे जमुआ चौक स्थित वंशी साव की दुकान सह मकान में दो अपराधी ग्राहक बनकर पहुंचे। चावल खरीदने के बहाने दुकान खुलवाने के बाद अपराधी घर के अंदर घुस गए और मारपीट व धमकी देकर लगभग 50 हजार रुपये नकद और एक सोने की चेन लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खोरीमहुआ राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में बिनोद कुमार साव (मिरजागंज, जमुआ), गुड्डु कुमार लहरी (पचम्बो, कोडरमा) और नन्दकिशोर रविदास उर्फ मंटू (चंदौरी, तिसरी) शामिल हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर 11,100 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, एक पल्सर मोटरसाइकिल और एक होंडा शाइन बाइक बरामद की है।
इस सफल अभियान में एसडीपीओ राजेन्द्र प्रसाद, इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार दास, थाना प्रभारी विभुति देव सहित जमुआ, हिरोडीह और तिसरी थाना की टीम तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।


एक टिप्पणी भेजें