श्रम विभाग की बड़ी पहल : मन्हो में श्रमिक निबंधन, जन-जागरूकता अभियान एवं ऑन द स्पॉट निबंधन शिविर का सफल आयोजन


जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा : जिले के श्रमिकों, कामगारों एवं प्रवासी मजदूरों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से श्रम विभाग द्वारा शुक्रवार को पंचायत सचिवालय, मन्हो (लोहरदगा) में विशेष श्रमिक निबंधन, जन-जागरूकता अभियान एवं ऑन द स्पॉट निबंधन शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रमिकों ने भाग लेकर विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा मौके पर ही अपना निबंधन कराया।शिविर का नेतृत्व श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी लोहरदगा सदर श्री पिंटू कुमार पासवान द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान असंगठित क्षेत्र के मजदूरों, कामगारों एवं प्रवासी श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।शिविर में श्रमिकों को पेंशन योजना, बीमा कवर, चिकित्सा सहायता, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं एवं श्रमिक पंजीकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। साथ ही ऑन द स्पॉट निबंधन की सुविधा उपलब्ध कराते हुए पात्र श्रमिकों का तत्काल पंजीकरण किया गया, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ शीघ्र और आसानी से मिल सके।अधिकारियों ने बताया कि श्रमिकों का निबंधन उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक श्रमिकों को योजनाओं से जोड़कर उन्हें सरकारी सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है।शिविर में उपस्थित श्रमिकों ने विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जन-जागरूकता अभियान से उन्हें योजनाओं की सही जानकारी मिल रही है और सरकारी लाभ प्राप्त करने में सहूलियत हो रही है।कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विभागीय कर्मियों एवं ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा।

Post a Comment

और नया पुराने