जागता झारखंड दुमका ब्यूरो। जिले में लगातार हो रही ट्रैक्टर चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी किए गए दोनों ट्रैक्टर भी बरामद कर लिए हैं।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 08 अप्रैल 2026 की रात्रि मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के ग्राम केशियाबहाल निवासी तापस मांझी के घर के बाहर खड़ी ट्रैक्टर को अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया था। इस संबंध में मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 63/26, दिनांक 09.04.2026 को धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
इसके बाद 13 मई 2026 की रात शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम कोलपाड़ा बांकीजोर निवासी मनोज कुमार मंडल के घर के बाहर खड़ी ट्रैक्टर भी अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई। लगातार हो रही इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक दुमका के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 मई 2026 को शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के कुलकुलीडंगाल गांव से संजीव मड़ैया को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अपने दो साथियों के नाम बताए। इसके बाद पुलिस ने पश्चिम बंगाल के सावराकोड़ी निवासी शेख अजीजुल तथा शांतीनिकेतन बोलपुर निवासी बंसी दास को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में तीनों अभियुक्तों ने अपना अपराध स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए दोनों ट्रैक्टर बरामद कर लिए गए। इनमें एक ट्रैक्टर पश्चिम बंगाल के मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र से तथा दूसरा बोलपुर शांतीनिकेतन थाना क्षेत्र से बरामद किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त
संजीव मड़ैया, पिता – पवन मड़ैया, ग्राम कुलकुलीडंगाल, थाना शिकारीपाड़ा, जिला दुमका।
बंसी दास, पिता – निताई दास, ग्राम दरपाशीला, थाना शांतीनिकेतन, जिला बीरभूम, पश्चिम बंगाल।
शेख अजीजुल, पिता – स्व. शेख अब्दुल रहीम, ग्राम सावराकोड़ी, थाना मोहम्मद बाजार, पश्चिम बंगाल।
छापामारी टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारी
श्री विजय कुमार महतो, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर दुमका
पुलिस निरीक्षक जगन्नाथ धान, थाना प्रभारी मुफ्फसिल थाना
पुलिस निरीक्षक अमित कुमार लकड़ा, थाना प्रभारी शिकारीपाड़ा थाना
पु.अ.नि. रौशन कुमार
पु.अ.नि. आशीष कुमार भारद्वाज
पु.अ.नि. आनंद हेम्ब्रम
स.अ.नि. मुश्ताक आलम
अमित कुमार, गोपनीय शाखा
शिकारीपाड़ा एवं मुफ्फसिल थाना के सशस्त्र बल
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में ट्रैक्टर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।


एक टिप्पणी भेजें