जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा
09 मई 2026 को लोहरदगा जिले के प्रखण्ड सेन्हा स्थित मुस्लिम महल्ला की प्रतिभाशाली छात्रा नूरी आज़मी ने झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की विज्ञान संकाय परीक्षा में शानदार सफलता प्राप्त करते हुए पूरे राज्य में 8वां स्थान हासिल कर लोहरदगा जिले का नाम गौरवान्वित किया है। नूरी ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप-10 में अपनी जगह बनाई, जिसके बाद पूरे जिले में खुशी, गर्व और उत्साह का माहौल है। उनकी यह सफलता केवल एक परीक्षा का परिणाम नहीं, बल्कि संघर्ष, मेहनत, आत्मविश्वास और सपनों को सच करने की अद्भुत कहानी बन गई है।
नूरी आज़मी, सेन्हा मुस्लिम महल्ला निवासी सेरामुद्दीन अंसारी एवं अशगरी खातून की पुत्री हैं। उन्होंने उर्सुलाइन कॉन्वेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज, लोहरदगा में अध्ययन करते हुए यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। सीमित संसाधनों, आर्थिक कठिनाइयों और पारिवारिक चुनौतियों के बावजूद नूरी ने कभी अपने हौसले को कमजोर नहीं होने दिया। पिता की लगातार खराब तबीयत और घर की आर्थिक स्थिति ख़राब के कारण आगे की पढ़ाई में कई बाधाएं उत्पन्न हो रही थीं, लेकिन नूरी के सपनों की उड़ान को रुकने नहीं दिया गया।
इस परिस्थिति की जानकारी NSUI के माध्यम से लोहरदगा जिला कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष श्री सुखैर भगत को दी गई। उन्होंने तत्काल संवेदनशीलता और मानवीय भावना का परिचय देते हुए नूरी की सहायता के लिए कदम बढ़ाया। इसी क्रम में जिलाध्यक्ष सुखैर भगत के नेतृत्व में NSUI की टीम, जिसमें जिलाध्यक्ष मनौवर आलम, NSUI कोऑर्डिनेटर तौसीफ अंसारी समेत कई कार्यकर्ता सेन्हा पहुंची और नूरी आज़मी एवं उनके परिवार को सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं।
इस खुशी और गौरव के अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सह चाला इंटरप्राइजेज के मालिक श्री सुखैर भगत की ओर से नूरी आज़मी को आगे की पढ़ाई के लिए 51 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। इस दौरान सुखैर भगत ने भावुक शब्दों में कहा कि —
“नूरी जैसी बेटियां समाज की ताकत और भविष्य की रोशनी हैं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उनकी यह सफलता हर उस बच्चे के लिए प्रेरणा है जो संसाधनों की कमी के बीच बड़े सपने देखता है। शिक्षा ही वह शक्ति है जो जीवन बदल सकती है और समाज को नई दिशा दे सकती है। मेधावी छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग करना हम सबकी, सभी समाज कि जिम्मेदारी है। नूरी की यह उपलब्धि पूरे लोहरदगा जिले के लिए गर्व और सम्मान की बात है।”
वहीं NSUI जिलाध्यक्ष मनौवर आलम ने कहा कि
“नूरी आज़मी ने यह साबित कर दिया कि सच्ची मेहनत और मजबूत इरादों के सामने कोई मुश्किल बड़ी नहीं होती। उनकी सफलता हजारों बेटियों और युवाओं के लिए उम्मीद, प्रेरणा और आत्मविश्वास की नई मिसाल बनेगी।”
इस अवसर पर सेन्हा अंजुमन सदर मुख्तार अंसारी, NSUI जिलाध्यक्ष मनौवर आलम, प्रखंड प्रभारी मुराद रजा, आसिफ राजा, अस्थर लकड़ा नजुरल अंसारी, माज अंसारी, इरफान अंसारी सहित कई गणमान्य लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समारोह के दौरान नूरी आज़मी एवं उनके परिवार का सम्मान किया गया तथा सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना की।


एक टिप्पणी भेजें