ओरमांझी में नवनियुक्त पुलिस निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी मनोज कुमार का भव्य स्वागत

 



पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना प्राथमिकता : थाना प्रभारी मनोज कुमार


मुजफ्फर हुसैन, जागता झारखण्ड, ब्यूरो राँची :- ओरमांझी थाना के नवनियुक्त पुलिस निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी मनोज कुमार का मंगलवार को ओरमांझी प्रखंड कांग्रेस पश्चिमी मंडल अध्यक्ष सह खाद आपूर्ति विधायक प्रतिनिधि सफीउल्लाह अंसारी एवं शिक्षा विभाग विधायक प्रतिनिधि गोपाल उरांव के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्हें शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी गईं। स्वागत कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के सामाजिक एवं स्थानीय लोगों ने भी उपस्थित होकर नवनियुक्त थाना प्रभारी का अभिनंदन किया तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की अपेक्षा व्यक्त की। इस अवसर पर ओरमांझी प्रखंड कांग्रेस पश्चिमी मंडल अध्यक्ष सह खाद आपूर्ति विधायक प्रतिनिधि सफीउल्लाह अंसारी ने कहा, नवनियुक्त पुलिस निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी सरल, मिलनसार, ईमानदार एवं कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी हैं। हमें पूर्ण विश्वास है कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। इससे लोगों में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना और मजबूत होगी। वहीं शिक्षा विभाग विधायक प्रतिनिधि गोपाल उरांव ने कहा, एक सशक्त प्रशासनिक व्यवस्था समाज में शांति एवं विकास की आधारशिला होती है। हमें उम्मीद है कि नवनियुक्त पुलिस निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी अपने अनुभव और कार्यशैली के माध्यम से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा एवं सामाजिक सौहार्द को नई दिशा देंगे। पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।इस अवसर पर नवनियुक्त पुलिस निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी मनोज कुमार ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, आप सभी के स्नेह और सम्मान के लिए मैं हृदय से धन्यवाद देता हूं। मेरी प्राथमिकता क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना है। आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा तथा अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग को और मजबूत करना हमारी प्राथमिकता होगी।

Post a Comment

और नया पुराने