जागता झारखंड संवाददाता शिकारीपाड़ा (दुमका): शिकारीपाड़ा प्रखंड के अमडा डोभा गांव की रहने वाली कमली मुर्मू ने अपने पति स्वर्गीय परमेश्वर लोहार की मौत के बाद मुआवजा दिलाने और संबंधित मेट काशिफ अंसारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि काशिफ अंसारी नवंबर 2025 में परमेश्वर लोहार को काम दिलाने के नाम पर लेह लद्दाख ले गया था, जहां उनसे दूसरे के नाम से काम कराया जा रहा था।
परिजनों के अनुसार, 6 मई 2026 की शाम किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से परमेश्वर लोहार की मौत की सूचना मिली। इसके बाद भी परिवार को सही जानकारी नहीं दी गई। मामले को लेकर इंटर स्टेट माइग्रेंट वर्कर यूनियन, दुमका के सहयोग से प्रशासन से शव घर लाने, पहचान कराने, मुआवजा दिलाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई थी।
आज 14 मई 2026 को शव पैतृक गांव पहुंच गया, लेकिन अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। परिजनों का कहना है कि मेट काशिफ अंसारी पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे वह खुलेआम घूम रहा है। परिवार ने प्रशासन से मृतक आश्रितों को अविलंब मुआवजा दिलाने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाने की अपील की है।


एक टिप्पणी भेजें