जागता झारखंड संवाददाता बजरंग कुमार महतो घाघरा (गुमला) :- घाघरा थाना में पदस्थापित एक सब-इंस्पेक्टर पर रिश्वत मांगने और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा है। घाघरा निवासी संजय कुमार सिंह ने इस संबंध में गुमला के पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
क्या है मामला
शिकायतकर्ता के अनुसार, उनके खिलाफ घाघरा थाना में दर्ज कांड संख्या 82/24 की जांच संबंधित एसआई राहुल कुमार पासवान कर रहे हैं। आरोप है कि नोटिस के बाद जब वह 4 मई को आवश्यक दस्तावेज (जाति प्रमाण पत्र) लेकर थाना पहुंचे, तो एसआई ने कथित रूप से “खर्चा” के नाम पर 10,000 रुपये की मांग की।
कम राशि देने की बात पर विवाद
पीड़ित का कहना है कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्होंने 10,000 रुपये देने में असमर्थता जताई और 3,000 रुपये देने की बात कही। इस पर एसआई के नाराज़ होने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया गया है। साथ ही कॉलर पकड़कर धक्का देने और जेल भेजने की धमकी देने की भी शिकायत की गई है।
CCTV फुटेज का दावा
शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि घटना थाना परिसर में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। उन्होंने एसपी से निष्पक्ष जांच कर फुटेज की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एसआई राहुल का प्रतिक्रिया
मामले के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, एसआई राहुल कुमार से दूरभाष पर संपर्क कर पूछे जाने पर आरोप को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि हमारे ऊपर गलत आरोप लगाया जा रहा है ।


एक टिप्पणी भेजें