जागता झारखंड संवाददाता विक्की कुमार चैनपुर/गुमला
चैनपुर : चैनपुर पुलिस ने अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान चलाते हुए नातापोल से कोयला लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया है। थाना प्रभारी अरविंद कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नातापोल के रास्ते अवैध कोयला ट्रैक्टर पर लादकर छत्तीसगढ़ के जशपुर लोदाम ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम मौके पर पहुँची, तो पुलिस बल को देखकर ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर ट्रैक्टर को रोक लिया।ट्रैक्टर रोके जाने के बाद जब चालक से कोयले के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेजों की मांग की गई, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका साथ ही गाड़ी की नंबर भी नहीं थी। कागजात के अभाव में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और उसे चैनपुर थाना परिसर ले आई।मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया बिना किसी वैध कागजात के कोयला ले जाया जा रहा था। ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और इस संबंध में जिला खनन विभाग को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल अग्रतर कागजी कार्रवाई जारी है। इस छापेमारी अभियान में थाना प्रभारी के साथ पुलिस के जवान मुख्य रूप से शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से कोयला तस्करी करने वाले गिरोहों पर नकेल कसने की उम्मीद जताई जा रही है।



एक टिप्पणी भेजें