बढ़ती महंगाई पर बोले सांसद तारिक अनवर: सरकार जनता पर न डाले त्याग का बोझ

 


प्रतिनिधि, जागता झारखण्ड (कटिहार, बिहार) कटिहार/पटना। देश में गहराते आर्थिक संकट और बढ़ती महंगाई के बीच कटिहार के सांसद तारिक अनवर ने केंद्र सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। प्रधानमंत्री द्वारा जनता से सोना न खरीदने, पेट्रोल बचाने और खर्चों में कटौती करने की अपीलों पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद ने कहा कि देश को इस कठिन स्थिति में पहुँचाने के लिए सीधे तौर पर मोदी सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब भी अर्थव्यवस्था डगमगाती है, तो इसका खामियाजा आम जनता को ही क्यों भुगतना पड़ता है ? सांसद तारिक अनवर ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त जनता पहले से ही संघर्ष कर रही है, ऐसे में उन पर त्याग का अतिरिक्त बोझ डालना कतई उचित नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार को अपनी विफलताओं की जवाबदेही लेनी चाहिए और ऐसे ठोस कदम उठाने चाहिए जिससे आम आदमी को राहत मिल सके। सांसद के अनुसार, केवल अपीलों के सहारे अर्थव्यवस्था को नहीं सुधारा जा सकता, बल्कि इसके लिए प्रभावी और जनहितैषी नीतियों की आवश्यकता है। जनता को आर्थिक दबाव में झोंकने के बाद उनसे ही कटौती की उम्मीद करना सरकार की प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है।

Post a Comment

और नया पुराने