जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा
भंडरा थाना क्षेत्र के बेदाल टंगरा टोली गांव में मंगलवार सुबह जंगली हाथी के हमले में प्रतिमा कुमारी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार प्रतिमा उराइन अपने पति कृष्णा उरांव और दो बच्चों के साथ खेत में कृषि कार्य कर रही थीं। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी खेत की ओर पहुंच गया, जिसे देखकर परिवार और आसपास मौजूद लोग जान बचाकर भागने लगे।अफरा-तफरी के बीच महिला का एक बच्चा खेत में गिर गया, लेकिन हाथी ने बच्चे को नुकसान नहीं पहुंचाया और प्रतिमा उराइन को अपनी चपेट में ले लिया। हाथी ने महिला को बुरी तरह रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोग चाहकर भी उन्हें बचा नहीं सके। ग्रामीणों की मदद से महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से इलाके में जंगली हाथियों की गतिविधियां बढ़ गई हैं, जिससे लोग भय के साये में जी रहे हैं। खेतों में काम करने और गांव से बाहर निकलने में भी डर लग रहा है।ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने, इलाके में निगरानी बढ़ाने और मृतका के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।


एक टिप्पणी भेजें