दामोदर बचाओ अभियान को मिली मजबूती ,राज्यपाल ने चूल्हापानी में गंगा आरती में भाग लिया

राज्यपाल ने कहा,नदियाँ केवल जल नहीं, जीवन दायिनी; चूल्हापानी में संरक्षण का आह्वान 


जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा:लोहरदगा जिले के कुड़ू प्रखंड के सलगी पंचायत स्थित चूल्हापानी गांव में सोमवार को गंगा दशहरा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राज्यपाल सड़क मार्ग से चूल्हापानी पहुंचे और वहां से जंगली पगडंडी के रास्ते दामोदर नदी के उद्गम स्थल तक पैदल गए, जहां जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। उपायुक्त संदीप कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी और उपविकास आयुक्त सह परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग भी मौजूद रहे।

दामोदर के उद्गम स्थल पर राज्यपाल और जमशेदपुर पूर्वी से विधायक सरयू राय ने गंगा पूजन, गंगा आरती और हवन पूजन किया। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु व ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल हुए। चूल्हापानी गांव में गंगा दशहरा के अवसर पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा; पारंपरिक स्वागत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को और रंगीन बना दिया।

अपने संबोधन में राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि नदियां केवल जलधारा नहीं बल्कि जीवनदायिनी हैं। उन्होंने बताया कि चूल्हापानी की प्राकृतिक सुंदरता देखकर ऐसा लग रहा है जैसे प्रकृति की गोद में आ गए हों। राज्यपाल ने पर्यावरण संरक्षण और जल संसाधनों की सुरक्षा पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहलों का उल्लेख किया और बढ़ते जलवायु प्रदूषण से निपटने के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि देश की सांस्कृतिक पहचान नदियों से जुड़ी है और आने वाली पीढ़ियों के लिए इन्हें बचाना जरूरी है।

विधायक सरयू राय ने दामोदर बचाओ अभियान का इतिहास बताते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों से नदी को प्रदूषणमुक्त करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि दामोदर के उद्गम स्थल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए तथा सलगी पंचायत के समग्र विकास के लिए विशेष पहल की जाए, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकें।


Post a Comment

और नया पुराने