चैनपुर के जमीन मापी करने गई राजस्व टीम पर ग्रामीणों का हमला, जान बचाकर भागे कर्मचारी

 




जागता झारखंड संवाददाता विक्की कुमार चैनपुर/ गुमला

चैनपुर: प्रखंड के केड़ेंग गांव में बुधवार को भूमि विवाद के निपटारे के लिए पहुँची प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों ने अचानक हमला बोल दिया। इस हिंसक झड़प के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल व्याप्त है और स्थानीय प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।जानकारी के अनुसार, गांव के निवासी शिव प्रसाद ने अपनी विवादित भूमि के सीमांकन (मापी) के लिए ऑनलाइन आवेदन दिया था। इसी आवेदन के आलोक में अंचल कार्यालय द्वारा एक टीम गठित कर बुधवार को मौके पर भेजी गई थी।जैसे ही राजस्व कर्मचारी सुजीत कुमार सिन्हा, नरेंद्र सेठ और अंचल अमीन उमाशंकर उरांव जमीन की मापी शुरू करने के लिए निर्धारित स्थल पर पहुँचे, वहां पहले से मौजूद ग्रामीण उग्र हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने बिना किसी संवाद के टीम पर हमला बोल दिया। स्थिति इतनी भयावह हो गई कि अधिकारियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्हें अपनी जान बचाने के लिए घटनास्थल से भागना पड़ा।इस घटना ने यह स्पष्ट कर दिया है कि इलाके में जमीन को लेकर विवाद काफी गहरा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि बिना पर्याप्त पुलिस बल के ऐसे संवेदनशील इलाकों में राजस्व टीम का जाना एक बड़ा जोखिम भरा कदम था।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गया है। सरकारी कार्य में बाधा डालने और लोक सेवकों पर जानलेवा हमला करने के आरोप में संलिप्त ग्रामीणों को चिह्नित किया जा रहा है। प्रशासन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी में है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है। थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि लिखित आवेदन अब तक नहीं आया है आते ही अग्रसर करवाई की जायेगी।

Post a Comment

और नया पुराने