जेल अदालत, विधिक जागरूकता शिविर सह मेडिकल कैंप का हुआ आयोजन

जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा 


झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार रांची के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डालसा  राजकमल मिश्रा के मार्गदर्शन में मंडल कारा लोहरदगा में जेल अदालत, विधिक जागरूकता शिविर सह मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। इस दौरान डालसा सचिव  मनोरंजन कुमार, एलएडीसीएस चीफ  नसीम अंसारी, डिप्टी चीफ़  उमेश कुमार, सहायक  सुदामा साहू, जेल प्रशासन के अधिकारी, सदर अस्पताल की चिकित्सा टीम उपस्थित थे। वहीं मंडल कारा केबंदियों को उनके अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा जेल अदालत की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही बंदियों की समस्याओं को सुन गया और उन समस्याओं का समाधान करने का कार्य किया गया। इसके अलावा बंदियों से उनके केस से संबंधित जानकारी लिया गया। वहीं डालसा सचिव ने जेल में स्थापित नवनिर्मित जेल विधिक सहायता क्लिनिक के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्लीनिक में एलएडीसीएस के अधिवक्ता बंदियों को कानूनी सहायता प्रदान करेंगे। साथ ही उन्होंने मंडल कारा में नवनिर्मित शिशु गृह के बारे में बताया। शिशु गृह उन बच्चों के लिए बनाया गया है जो मंडल कारा में बंद महिला बंदियों के साथ हैं। शिशु गृह में बच्चों के खेलने, सीखने और पढ़ने की पूरी व्यवस्था है। उसके अलावा बंदियों से मुलाकात करने के लिए आने वाले परिजनों व परिचितों की सहायता के लिए मुलाकात कानूनी सहायता केंद्र का शुभारंभ किया गया है। इस सहायता केंद्र का उद्देश्य बंदियों के परिजनों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, बंदियों से सुगम मुलाकात सुनिश्चित कराना, उनके समस्याओं का समाधान करना और न्याय तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि इस केंद्र में पीएलवी की भी नियुक्ति की गई है। जो मंडल कारा, लोहरदगा के बंदियों से मुलाकात करने पहुंचे उनके परिजन या परिचित को कानूनी जानकारी और सहायता प्रदान करेंगे। वहीं सदर अस्पताल की चिकित्सीय टीम के द्वारा बंदियों के स्वास्थ्य की जांच की गई। साथ ही स्वास्थ्य को लेकर जागरूक किया गया।

Post a Comment

और नया पुराने