काठीकुंड में इंटर स्टेट माइग्रेंट वर्कर यूनियन ने क्षेत्रीय निरीक्षण व कार्रवाई की माँग उठाई

 


संगठन विस्तार व अधिकार संरक्षण के लिए प्रखंड प्रभारी नियुक्त


जागता झारखंड दुमका ब्यूरो:

शनिवार को इंटर स्टेट माइग्रेंट वर्कर यूनियन, दुमका झारखंड की ओर से काठीकुंड प्रखंड अंतर्गत नरगंज गांव में मजदूर जागरूकता एवं अधिकार संरक्षण को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के मजदूरों को उनके श्रमिक अधिकारों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं, न्यूनतम मजदूरी कानून तथा श्रमिक सुरक्षा से संबंधित जानकारी देना था। बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय मजदूरों, ग्रामीणों एवं यूनियन कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

बैठक में उपस्थित मजदूरों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को विस्तारपूर्वक रखा। मजदूरों ने बताया कि कई सरकारी एवं निजी कार्यों में ठेकेदारों द्वारा निर्धारित दैनिक मजदूरी से कम भुगतान किया जाता है, समय पर मजदूरी नहीं दी जाती तथा मजदूरों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल पाता। इस पर यूनियन पदाधिकारियों ने मजदूरों को संगठित होकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष मो. जाकिर अंसारी ने कहा कि मजदूर समाज देश एवं राज्य के विकास की रीढ़ है, इसलिए मजदूरों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी हर मजदूर का कानूनी अधिकार है और ठेकेदारों द्वारा मजदूरी में कटौती या धोखाधड़ी करना श्रम कानूनों का खुला उल्लंघन है। उन्होंने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में चल रहे सभी निर्माण एवं सरकारी कार्यों की जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि मजदूरों को पूरी मजदूरी और सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध हो।

मो. जाकिर अंसारी ने आगे कहा कि इंटर स्टेट माइग्रेंट वर्कर यूनियन लगातार मजदूरों के हक एवं सम्मान की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी मजदूरों के हित में संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने मजदूरों से अपील की कि यदि किसी भी कार्यस्थल पर मजदूरी में कटौती, बाल मजदूरी, जबरन काम, दलाली, बिचौलियागिरी या किसी प्रकार का शोषण होता है तो इसकी सूचना तुरंत यूनियन को दें, ताकि उचित कार्रवाई की जा सके।

बैठक में मजदूरों को श्रमिक कार्ड, ई-श्रम कार्ड, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, दुर्घटना बीमा, पेंशन योजना, राशन, स्वास्थ्य सुविधा तथा प्रवासी मजदूरों के अधिकारों से संबंधित जानकारी भी दी गई। यूनियन की ओर से यह आश्वासन दिया गया कि मजदूरों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु हर संभव सहयोग किया जाएगा।

सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि काठीकुंड प्रखंड क्षेत्र में मजदूरों की समस्याओं के समाधान, संगठन विस्तार एवं मजदूर हितों की रक्षा के लिए बृंथुस सोरेन को प्रखंड प्रभारी नियुक्त किया जाए। बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने उनके नाम का समर्थन किया तथा मजदूरों के बीच संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर मुखिया चंदा देवी, पानेसल टुडू, वकील मरांडी, यूनियन के अन्य कार्यकर्ता एवं गांव के अनेक मजदूर साथियों ने अपने विचार व्यक्त किए और मजदूर एकता को मजबूत करने पर जोर दिया। बैठक शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा अंत में मजदूर हित में एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया।


Post a Comment

और नया पुराने