मजदूर दिवस पर प्रज्ञा केंद्र संचालकों की बैठक, 8 मई को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन का निर्णय



जागता झारखंड दुमका ब्यूरो 

मजदूर दिवस के अवसर पर दुमका प्रखंड के हरिपुर पंचायत स्थित सभागार में पंचायत शिफ्टेड प्रज्ञा केंद्र संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपेंद्र कुमार पाल ने की, जिसमें जिले के विभिन्न पंचायतों से आए प्रज्ञा केंद्र संचालकों ने भाग लिया। बैठक में संचालकों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और सर्वसम्मति से कई अहम निर्णय लिए गए।


बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 8 मई, शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय, दुमका के समक्ष एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान संचालक अपनी समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराते हुए मांग पत्र सौंपेंगे। संचालकों ने आरोप लगाया कि सीएससी एसपीवी द्वारा शुरू से ही उनका शोषण किया जा रहा है। पंचायती राज विभाग के साथ हुए एमओयू के अनुसार प्रत्येक प्रज्ञा केंद्र संचालक को 7550 रुपये प्रतिमाह देने का प्रावधान है, लेकिन वर्तमान में केवल 2475 रुपये ही दिए जा रहे हैं, जो न्यूनतम मजदूरी दर से भी काफी कम है। उन्होंने मांग की कि मानदेय को बढ़ाकर कम से कम 7550 रुपये किया जाए। बैठक में यह भी बताया गया कि सीएससी के माध्यम से संचालकों से विभिन्न कार्य जैसे डिजिटल क्रॉप सर्वे, फसल बीमा आदि करवाए गए, लेकिन अब तक उनका भुगतान नहीं किया गया है। इसके अलावा कोविड-19 के दौरान वैक्सीनेशन एंट्री का कार्य भी कराया गया, जिसका भुगतान अभी तक लंबित है। भुगतान की मांग करने पर संबंधित अधिकारियों द्वारा टालमटोल किया जा रहा है। संचालकों ने यह भी मांग की कि जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया में उनके सत्यापन को मान्यता दी जाए और उन्हें अधिकृत किया जाए। साथ ही पंचायत स्तर पर नियमित कार्य उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें पूरे दिन बिना काम के नहीं बैठना पड़े। मैया योजना में देर रात तक कार्य करने के बावजूद पूर्ण भुगतान नहीं मिलने की शिकायत भी सामने आई। वहीं मनरेगा के तहत वर्ष 2023 में एंट्री कार्य के लिए प्रशिक्षण दिए जाने के बावजूद आज तक कार्य शुरू नहीं कराया गया है। इस पर संचालकों ने नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द मनरेगा कार्य शुरू कराने की मांग की। अंत में बैठक में यह सुनिश्चित करने की मांग की गई कि सभी कार्यों के लिए सम्मानजनक एवं उचित पारिश्रमिक निर्धारित किया जाए, ताकि प्रज्ञा केंद्र संचालकों को उनके श्रम का उचित मूल्य मिल सके। बैठक में बैठक में पंकज कुमार पंडित,उज्ज्वल कुमार पाल,जीवेश कुमार,पुष्पा कुमारी,काशीनाथ मंडल, नदियानंद, अमित कुमार शाह, विकास कुमार नंदलाल मंडल श्याम कुमार,अनुज कुमार मंडल, रामजीवन रजक,पप्पू कुमार महतो,मदन मोहन झा, किशोर कुमार मंडल,सुमन कुमार शाह,हेमलाल मरांडी, संजीव हंसदा,फ्रांसिस सोरेन, अनिल कुमार,परितोष कुमार, विश्वजीत भंडारी,किशोर कुमार मंडल आदि उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने