शिकारीपाड़ा के संत रीता उच्च विद्यालय में पोकसो अधिनियम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

मो. जुलकर अंसारी जागता झारखंड संवाददाता शिकारीपाड़ा (दुमका):

प्रवाह संस्था के द्वारा आज मंगलवार को शिकारीपाड़ा के संत रीता उच्च विद्यालय में विद्यार्थियों के बीच बाल यौन शोषण की रोकथाम एवं बाल सुरक्षा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।


कार्यक्रम में प्रवाह संस्था के परियोजना समन्वयक प्रेम कुमार ने यौन अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 के अंतर्गत यौन हमला, यौन उत्पीड़न, सुरक्षित स्पर्श एवं असुरक्षित स्पर्श के बारे में बाल मैत्री तरीके से जानकारी प्रदान की। चित्र एवं हैंडबिल के माध्यम से बच्चों को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श के बीच अंतर समझाया गया तथा असुरक्षित परिस्थितियों में बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।


उन्होंने बाल यौन दुर्व्यवहार की रोकथाम एवं प्रतिक्रिया में शिक्षक एवं अभिभावकों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही पुलिस, चाइल्ड हेल्पलाइन, बाल कल्याण समिति एवं जिला बाल संरक्षण इकाई की भूमिका के बारे में भी जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम के दौरान सोशल मीडिया एवं इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग पर विशेष जोर दिया गया तथा सहायता सेवाओं एवं टोल फ्री नंबर 112, 1098, 181 और 1930 के उपयोग की जानकारी दी गई। बच्चों को मोबाइल ऐप 112 के उपयोग के बारे में भी बताया गया।


कार्यक्रम में शिक्षा के महत्व एवं किशोरियों के सशक्तिकरण पर भी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।


इस अवसर पर पीएलवी सुशीला हेमब्रम, विद्यालय की प्राचार्या, शिक्षकगण, छात्राएं एवं प्रवाह संस्था के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Post a Comment

और नया पुराने