जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा
प्रखंड किस्को स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, किस्को की छात्राओं ने 12वीं (कला संकाय) परीक्षा में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत (100%) रहा। कुल 56 छात्राएं परीक्षा में शामिल हुईं और सभी 56 सफल रहीं। इनमें से 55 छात्राओं ने प्रथम श्रेणी प्राप्त की, जबकि 1 छात्रा द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुई। तीसरी श्रेणी में कोई भी छात्रा नहीं रही, जो विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाता है।
व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो रोहिता कुमारी ने 412 अंक (82.40%) प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं राधिका कुमारी 373 अंक (74.60%) के साथ द्वितीय तथा रुबाना खातून 372 अंक (74.40%) के साथ तृतीय स्थान पर रहीं।
इसके अलावा सुमन कुमारी (72.40%), स्मृति लकड़ा (72.00%), रूमाली कुमारी (71.20%), प्रीति कुमारी (70.60%), अन्नपूर्णा भगत (70.40%), सरस्वती उरांव (69.80%) एवं उमा उरांव (69.40%) सहित अन्य छात्राओं ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका संगीता कुमारी साहू एवं शिक्षकों ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम छात्राओं की मेहनत, अनुशासन एवं शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन का परिणाम है।
अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों ने भी इस सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


एक टिप्पणी भेजें