जागता झारखंड संवाददाता विक्की कुमार चैनपुर /गुमला
चैनपुर थाना क्षेत्र के प्रेमनगर ढलान के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी देते हुए मंगलवार सुबह आठ बजे बताया गया कि कुरुमगढ़ के अंबेरा टोली निवासी ललित नगेसिया (इक्कीस वर्ष), पिता डहरू नगेसिया, अपनी सीबी साइन बाइक संख्या सीजी एमजी आठ आठ दो दो से कुरुमगढ़ से चैनपुर पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक अनियंत्रित अज्ञात पिकअप वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।क़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क किनारे दूर जा गिरा और काफी देर तक दर्द से तड़पता रहा। स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस के लिए संपर्क किया, लेकिन समय पर एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी, जिससे घायल लंबे समय तक सड़क किनारे ही पड़ा रहा।
मानवता का परिचय देते हुए आसपास के ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से घायल युवक को चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात एएनएम द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया। युवक की गंभीर स्थिति और शरीर पर आई गहरी चोटों को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।
इधर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि चैनपुर में अनुमंडल स्तरीय अस्पताल बनने के बावजूद स्थायी एम्बुलेंस व्यवस्था नहीं है। कंडम घोषित वाहनों के भरोसे स्वास्थ्य सेवा चलने से दुर्घटना पीड़ितों को समय पर राहत नहीं मिल पा रही है।



एक टिप्पणी भेजें