छिछवाणी हत्या कांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फरार आरोपी जंगल से गिरफ्तार, नाबालिग भी भेजा गया बाल सुधार गृह

 


जागता झारखंड संवाददाता विक्की कुमार चैनपुर/गुमला : चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत छिछवाणी गांव में हुए चर्चित हत्या कांड मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। जानकारी देते हुए शुक्रवार सुबह लगभग दस बजे पुलिस ने बताया कि घटना के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी कामिल टोप्पो को गुप्त सूचना एवं तकनीकी सहायता के आधार पर छेरिया जंगल में छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद लगातार अपना ठिकाना बदलकर छिपने का प्रयास कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा लगातार संभावित स्थानों पर छापेमारी की जा रही थी। इसी दौरान प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लाठी भी बरामद कर ली गई है, जिसे पुलिस ने साक्ष्य के रूप में जब्त किया है। जांच के क्रम में यह भी सामने आया कि इस घटना में मुख्य आरोपी के साथ लगभग चौदह वर्षीय एक नाबालिग बालक भी शामिल था। पुलिस ने विधि अनुसार कार्रवाई करते हुए नाबालिग को बाल न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर बाल सुधार गृह भेज दिया है।पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली है।

Post a Comment

और नया पुराने