महेशपुर में अमर वीर शहीद सिद्धो-कान्हु की जयंती श्रद्धा के साथ मनाई गई


जागता झारखंड संवाददाता महेशपुर:
झामुमो प्रखंड कार्यालय महेशपुर में अमर वीर शहीद सिद्धो-कान्हु की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने सिद्धो-कान्हु के अद्वितीय बलिदान को याद करते हुए उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद ने अपने संबोधन में कहा कि सिद्धो-कान्हु ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ 1855 के ऐतिहासिक संथाल हूल आंदोलन का नेतृत्व करते हुए आदिवासी समाज के अधिकारों, अस्मिता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनका त्याग और बलिदान आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि सिद्धो-कान्हु केवल एक ऐतिहासिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि संघर्ष, साहस और स्वाभिमान के जीवंत प्रतीक हैं और जल, जंगल व जमीन की रक्षा के लिए उनका योगदान अविस्मरणीय है। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही समाज का समग्र विकास संभव है। प्रखंड सचिव जेम्स सुशील हेंब्रम ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सिद्धो-कान्हु के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें और समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों की आवाज बनें। कार्यक्रम में प्रखंड उपाध्यक्ष एनामुल हक, अल्तमस हेंब्रम, जोशिम शेख, प्रखंड सह सचिव नसीम अहमद, मो असद, पुलिस मुर्मू सहित अन्य झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने