चैनपुर के राजकीय बालक मध्य विद्यालय में अमानवीय हरकत, गेट पर गंदगी फैलाकर ताला जाम — घंटों बाहर रहे बच्चे




जागता झारखंड संवाददाता विक्की कुमार चैनपुर/ गुमला 

चैनपुर : चैनपुर स्थित राजकीय बालक मध्य विद्यालय में सोमवार सुबह एक शर्मनाक और अमानवीय घटना सामने आई। अज्ञात असामाजिक तत्वों ने स्कूल के मुख्य गेट और ताले पर गंदगी (मल) फैला दी, जिससे गेट जाम हो गया और बच्चे व शिक्षक घंटों तक बाहर खड़े रहने को मजबूर हो गए।

विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका जगरानी कुजूर ने गहरी नाराजगी जताते हुए बताया कि इस तरह की यह तीसरी घटना है। उन्होंने कहा कि पहली बार उन्होंने खुद गंदगी साफ की थी, जबकि दूसरी बार शिक्षक कृष्णा सर और महिला शिक्षिकाओं ने बाल्टी-झाड़ू से सफाई कर किसी तरह पढ़ाई जारी रखी थी।

उन्होंने कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि शिक्षा के मंदिर को इस तरह निशाना बनाया जा रहा है। यह समाज के लिए चिंता का विषय है कि आखिर किस मानसिकता के लोग ऐसी हरकत कर रहे हैं।”

सोमवार सुबह 6:45 बजे स्कूल खुलने का समय था, लेकिन गेट जाम होने के कारण छात्र-छात्राएं बाहर ही इंतजार करते रहे। कक्षा 7 की छात्रा भगवती कुमारी और 8वीं की अंबिका कुमारी ने बताया कि गेट के पास भारी गंदगी देखकर वे सहम गईं।

घटना की सूचना मिलने पर चैनपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार, जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा और मुखिया शोभा देवी मौके पर पहुंचे। पुलिस, जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों की मौजूदगी में सुबह करीब 8:08 बजे गेट का ताला तोड़ा गया, जिसके बाद बच्चों को अंदर प्रवेश कराया गया।

ताला खुलते ही बच्चों के चेहरों पर राहत साफ नजर आई।

इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और शिक्षकों में भारी आक्रोश है। थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने भी इस घृणित कृत्य की निंदा करते हुए जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

Post a Comment

और नया पुराने