जहरीले गुपचुप-छोला ने ली मासूम की जान, 22 बीमार — गिरिडीह में फूड पॉइजनिंग से हड़कंप

 


जागता झारखंड गिरिडीह : जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत लेदा-बजटो गांव में फूड पॉइजनिंग की दर्दनाक घटना ने हड़कंप मचा दिया। जहरीला गुपचुप-छोला खाने से 6 वर्षीय मासूम रंजन कुमार की मौत हो गई, जबकि 22 से अधिक महिला, पुरुष और बच्चे गंभीर रूप से बीमार होकर सदर अस्पताल में भर्ती हैं। शनिवार शाम गांव में ठेले पर गुपचुप-छोला बेचने पहुंचे एक अज्ञात व्यक्ति से ग्रामीणों ने चाट खाई थी, जिसके बाद रविवार सुबह एक-एक कर लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। तेज बुखार, पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।घटना में बजटो गांव निवासी रिंकू देवी के पुत्र रंजन कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मचा है। वहीं बीमार 22 लोगों को एंबुलेंस और निजी वाहनों से सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी का इलाज जारी है। मरीजों में बच्चे से लेकर वयस्क तक शामिल हैं और सभी की हालत पर डॉक्टरों की निगरानी रखी जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। डीसी रामनिवास यादव के निर्देश पर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, सिविल सर्जन डॉ. बच्चा सिंह, बीडीओ गणेश रजक, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो समेत कई अधिकारी अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन ने बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। पूर्व विधायक प्रो. जयप्रकाश वर्मा ने भी अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों का हाल जाना।इधर गांव में मेडिकल टीम तैनात कर उन लोगों की पहचान की जा रही है जिन्होंने गुपचुप खाया था। मरीजों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। वहीं गुपचुप बेचने वाले अज्ञात ठेला संचालक की तलाश में पुलिस जुट गई है और खाद्य सुरक्षा विभाग को सैंपल जांच के लिए लगाया गया है। सिविल सर्जन डॉ. बच्चा सिंह ने प्राथमिक जांच में फूड पॉइजनिंग की पुष्टि करते हुए कहा है कि फिलहाल सभी मरीजों की स्थिति स्थिर है, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे।






Post a Comment

और नया पुराने