डीसी ने एचपीवी टीकाकरण अभियान का किया शुभारंभ, बच्चियों के बीच प्रमाण पत्र वितरित

सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु महत्वपूर्ण पहल, उपायुक्त ने स्वास्थ्य सेवाओं का भी किया निरीक्षण


जागता झारखंड ब्युरो पाकुड़: राज्य स्तरीय कार्यक्रम के तहत पाकुड़ जिले के पुराने सदर अस्पताल में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार, सिविल सर्जन, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, जिला भीवीडी पदाधिकारी एवं जिला यक्ष्मा पदाधिकारी की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार की उपस्थिति में 14 से 15 वर्ष की आयु वर्ग की बच्चियों का एचपीवी टीकाकरण किया गया तथा लाभुकों के बीच टीकाकरण प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. सुरेन्द्र कुमार मिश्रा ने कहा कि एचपीवी वैक्सीनेशन महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए अत्यंत प्रभावी एवं महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन पूर्णतः सुरक्षित है तथा विश्व के अनेक देशों में सफलतापूर्वक उपयोग में लाई जा रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की भ्रांति या अफवाह पर ध्यान न देते हुए अपनी बच्चियों का टीकाकरण अवश्य कराएं। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि यह कार्यक्रम जिले के लिए एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा अब यह वैक्सीन निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है, जो जनहित में एक सराहनीय कदम है। उन्होंने इसे बच्चियों के लिए “सुरक्षा कवच” बताते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे 14 एवं 15 वर्ष की आयु वर्ग की सभी बच्चियों का टीकाकरण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि यह वैक्सीन शरीर में रोग के विरुद्ध प्रतिरोधक क्षमता विकसित करती है तथा भविष्य में गंभीर बीमारी से बचाव में सहायक है।कार्यक्रम के दौरान टीबी मरीजों के बीच निक्षय किट का भी वितरण किया गया, जिससे उनके पोषण एवं स्वास्थ्य में सुधार सुनिश्चित किया जा सके। कार्यक्रम के उपरांत उपायुक्त ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नेत्र जांच केंद्र, एएनसी कक्ष, ओपीडी एवं दवा वितरण काउंटर का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने स्वयं अपना नेत्र परीक्षण भी कराया। उपायुक्त ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने एवं आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।



Post a Comment

और नया पुराने