अवैध बालू की खबर बनी आफत, पत्रकार को जान से मारने की धमकी

पैसे का प्रलोभन ठुकराया तो मिली धमकी - "दोपहिया से चलते हो, चारपहिया से कुचल देंगे" ।


SP और थाना प्रभारी से FIR व सुरक्षा की मांग, आवेदन के साथ कॉल स्क्रीनशॉट भी सौंपा ।


जागता झारखंड संवाददाता रानीश्वर (दुमका) 

उप राजधानी दुमका के अन्तर्गत रानीश्वर और टोंगरा में अवैध बालू खनन की खबर लिखना एक पत्रकार को भारी पड़ गया। आरोप है कि खबर रोकने के लिए पहले पैसे का प्रलोभन दिया गया और जब पत्रकार ने इनकार कर दिया तो उसे जान से मारने की धमकी दे दी गई। पीड़ित पत्रकार गियासुद्दीन अंसारी ने इस मामले में पुलिस अधीक्षक, दुमका और स्थानीय थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर FIR दर्ज करने, निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है।

शाम 4:55 बजे आया फोन, 5:37 बजे बुलाया घर*

आवेदन के अनुसार, 24 नवंबर, मंगलवार की शाम करीब 4:55 बजे पत्रकार के मोबाइल पर 8789798949 नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम पथरा गांव निवासी अमल मंडल बताया।

इसके बाद शाम 5:37 बजे उन्हें दिलीप साधु के पेट्रोल पंप के पास स्थित चारदीवारी वाले घर में बुलाया गया। पत्रकार का आरोप है कि वहां कमरे के अंदर और बाहर एक दर्जन से अधिक लोग मौजूद थे। पहले पैसा, फिर धमकी 

आरोप है कि वहां पत्रकार से कहा गया, अवैध बालू की खबर मत छापो, इसके बदले पैसा ले लो। पत्रकार ने पत्रकारिता के सिद्धांतों का हवाला देते हुए पैसा लेने से साफ इनकार कर दिया।

आरोप है कि इनकार करते ही माहौल बदल गया। अभद्र व्यवहार किया गया और धमकाया गया कि अगर फिर से अवैध बालू की खबर छापी तो जान से मार दिया जाएगा। यह भी कहा गया - तुम दोपहिया से चलते हो, हम चारपहिया से कुचल देंगे।

घटना के बाद से पत्रकार भयभीत हैं और अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।


पत्रकार की 5 बड़ी मांगें।।


पत्रकार ने SP और थाना प्रभारी से मांग की है कि -

1. तत्काल FIR दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जाए।

2. अमल मंडल व अन्य अज्ञात लोगों की भूमिका की जांच हो।

3. 8789798949 नंबर की कॉल डिटेल व तकनीकी साक्ष्य खंगाले जाएं।

4. जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

5. रानीश्वर-टोंगरा में अवैध बालू खनन की भी गहन जांच हो।

सच लिखना मेरा धर्म है"

पत्रकार ने आवेदन में लिखा है कि उनका मकसद किसी व्यक्ति को परेशान करना नहीं है, बल्कि जनहित की खबर को जनता और प्रशासन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अगर सच लिखने पर इस तरह धमकियां मिलेंगी तो स्वतंत्र पत्रकारिता और जनता की आवाज दब जाएगी।

आवेदन के साथ फोन कॉल का स्क्रीनशॉट और प्रकाशित खबर की प्रति भी संलग्न की गई है। अब पूरे क्षेत्र की नजर पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है।

Post a Comment

और नया पुराने