पाकुड़ में क्रिकेट को मिला नया मंच: उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने जिला क्रिकेट संघ कार्यालय का किया उद्घाटन


जागता झारखंड ब्युरो पाकुड़:
पाकुड़ जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत आज पाकुड़ जिला क्रिकेट संघ कार्यालय का उद्घाटन उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के कर-कमलों द्वारा किया गया। यह पहल जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा क्रिकेट के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि जिला क्रिकेट एसोसिएशन को एक स्थायी कार्यालय मिलने से खिलाड़ियों, कोचों एवं पदाधिकारियों को एक सशक्त एवं संगठित मंच प्राप्त हुआ है, जहां वे अपने विचार, सुझाव एवं योजनाओं को प्रभावी ढंग से साझा कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी खेल के विकास के लिए मजबूत संगठनात्मक संरचना अत्यंत आवश्यक होती है और यह कार्यालय उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी, प्रबुद्ध नागरिकों एवं समाज के विभिन्न वर्गों के सहयोग से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन एवं अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे बच्चों को सही दिशा दें तथा उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें, ताकि वे भविष्य में जिले एवं राज्य का नाम रोशन कर सकें। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के समग्र विकास में खेल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। खेल न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच को भी विकसित करता है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें, बल्कि उन्हें खुलकर खेलने का अवसर प्रदान करें और उनकी प्रतिभा को निखारने में सहयोग करें।उन्होंने कहा कि आज के समय में खेल एक सशक्त करियर विकल्प के रूप में उभर चुका है, जिससे युवाओं को नाम, सम्मान एवं उज्ज्वल भविष्य प्राप्त हो सकता है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नवनिर्मित कार्यालय से क्रिकेट संघ को नई मजबूती मिलेगी तथा इसके माध्यम से जिले के खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। इससे निश्चित रूप से पाकुड़ के खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकेंगे।पाकुड़ जिला क्रिकेट एसोसिएशन को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार, जिला क्रिकेट संघ के सचिव प्रणय तिवारी, कोच रानु सिंह, खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।



Post a Comment

और नया पुराने