सभी बड़े पर्व-त्यौहार हम सभी ने सूझबूझ के साथ बिना किसी छोटी गलती के संपन्न कराया: डॉ ताराचंद

नगरपालिका आम निर्वाचन में सभी ने किया शानदार काम ,पदाधिकारियों व कर्मियों के सम्मान समारोह में बोले उपायुक्त 




जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा :उपायुक्त डॉ ताराचंद ने कहा कि लोहरदगा जिला में सभी बड़े पर्व-त्यौहार बिना किसी छोटी गलती के शांतिपूर्ण संपन्न हो गये। प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारियों ने बड़े ही सूझबूझ के साथ अपने कर्त्तव्य निभाये जो प्रशंसनीय है। कई अवसर पर चुनौतियां आयीं जिसमें सभी वरीय पदाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों ने बेहद सूझबूझ के साथ कार्य सम्पन्न किया, सभी बधाई के हकदार हैं। बिना टीम वर्क के यह संभव नहीं था। उपायुक्त लोहरदगा ने उक्त बातें आज पदाधिकारियों व कर्मियों के सम्मान समारोह में कही। यह कार्यक्रम नगरपालिका आम निर्वाचन-2026 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों व कर्मियों के सम्मान में आयोजित की गयी थी।

सभी ने दिया 100 प्रतिशत योगदान

उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन कार्य किसी भी पदाधिकारी व कर्मी के लिए पूरे सेवा काल मे महत्वपूर्ण समय होता है। एक पुलिस पदाधिकारी से लेकर सिपाही तक का योगदान इस निर्वाचन कार्य में बहुत महत्वपूर्ण था। कुछ बूथों में वोटिंग में समय लगा लेकिन उसे सभी बेहतर तरीके से संपन्न कराया। इसी प्रकार मतपेटिका जमा करने समय भी प्राकृतिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा जिसे हम सभी ने आसानी से संपन्न कराया। बिना किसी गलती के यह निर्वाचन संपन्न हुआ जो बहुत ही महत्वपूर्ण था। सभी चीजों की व्यवस्था बेहतर तरीके से की गई।

किया गया सम्मानित

निर्वाचन कार्य में अपना उत्कृष्ट देने के लिए सभी कोषांगों के पदाधिकारियों व कर्मियों, पुलिस पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों को प्रशस्ति-पत्र दिया गया है उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Post a Comment

और नया पुराने