घाघरा थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म: आरोपी बहुरा महली गिरफ्तार

 


पीड़िता के पिता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, कल भेजा जाएगा जेल

जागता झारखंड संवाददाता बजरंग कुमार महतो घाघरा (गुमला) : घाघरा थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोपी को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। घाघरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बहुरा महली को हिरासत में ले लिया।पीड़िता के पिता ने बताया कि वह और उनकी पत्नी कमाने के लिए बाहर गए थे। नाबालिग बेटी दादा-दादी के साथ घर पर थी। 16 मार्च सोमवार की शाम वह शौच के लिए बाहर गई थी । वापस लौटते समय गांव के ही बहुरा महली ने उसे अकेला देख डरा-धमकाकर झाड़ी के पास ले गया और दुष्कर्म किया और घटना के बारे में किसी को बताने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। डरी हुई बच्ची घर लौटी और फोन पर मां को सारी घटना बता दी। सूचना मिलते ही माता-पिता घर पहुंचे और थाने में शिकायत की।थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने बताया कि 24 मार्च मंगलवार सुबह 10 बजे शिकायत मिली। तत्काल कार्रवाई में आरोपी बहुरा महली को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपराध कबूल लिया। कल उसे जेल भेज दिया जाएगा।

Post a Comment

और नया पुराने