अलविदा जुमा: हिसरी जामा मस्जिद में उमड़ी अकीदतमंदों की भारी भीड़

 


जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा :
लोहरदगा जिले के हिसरी जामा मस्जिद अलविदा जुमा पर उमड़ी अकीदतमंदों की भीड़हिसरी स्थित (जामा मस्जिद, हिसरी) में रमज़ान के मुक़द्दस महीने के आख़िरी जुमा यानी अलविदा जुमा की नमाज़ आज बड़े ही अकीदत और एहतराम के साथ अदा की गई। नमाज़ की इमामत हाफ़िज़ व क़ारी मो शाहज़ाद रज़ा ने की।

अलविदा जुमा के मौके पर सुबह से ही मस्जिद में नमाज़ियों की आमद शुरू हो गई थी। ज़ुहर के वक़्त तक मस्जिद पूरी तरह भर गई और आसपास की जगहों पर भी सफ़ें बिछानी पड़ीं। नमाज़ से पहले हाफ़िज़ व क़ारी मो शहज़ाद रज़ा ने अपने खुत्बे में रमज़ान की बरकतों, तक़वा, ज़कात-सदक़ा और आपसी भाईचारे पर तफ़सील से रोशनी डाली। उन्होंने कहा कि रमज़ान हमें सब्र, परहेज़गारी और इंसानियत की तालीम देता है, जिसे साल भर अपनी ज़िंदगी में बरक़रार रखना चाहिए।

नमाज़ के बाद मुल्क की अमन-ओ-सलामती, कौमी एकता और पूरी उम्मत-ए-मुस्लिमह की बेहतरी के लिए ख़ास दुआ की गई। नमाज़ियों ने ग़मगीन माहौल में रमज़ान के मुक़द्दस महीने को अलविदा कहा और अल्लाह से अगले साल भी रमज़ान नसीब होने की दुआ माँगी।

इस मौके पर मस्जिद कमेटी के जिम्मेदारान और इलाके के बुज़ुर्गों ने नमाज़ के इंतज़ामात को बेहतर ढंग से अंजाम दिया, जिससे नमाज़ियों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। अलविदा जुमा के कारण पूरे इलाके में रूहानी माहौल देखने को मिला और लोगों ने एक-दूसरे को दुआओं के साथ रमज़ान की विदाई दी।



Post a Comment

और नया पुराने