जागता झारखंड दुमका ब्यूरो। मंगलवार की सुबह दुमका बस स्टैंड परिसर में हड़कंप मच गया। एक संदिग्ध युवक के घूमते नजर आने से यात्रियों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। घटना उस समय घटी जब संताल परगना मोटर मजदूर संघ के 15 दिन पूर्व डीआईजी कार्यालय के सामने हुए गोलीकांड के विरोध में बस परिचालन ठप होने के कारण बस स्टैंड के प्रवेश द्वार पर धरना चल रहा था।स्थानीय लोगों को युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उन्होंने तत्काल नगर थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से एक देशी कट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में युवक ने अपना नाम मंगल किस्कू बताया, जो मसलिया का निवासी है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाने ले गई।यह घटना गोलीकांड विरोधी आंदोलन के बीच हुई, जिससे लोगों में कई सवाल उठने लगे। यात्रियों का कहना है कि रोज हजारों लोगों के आने-जाने वाले इस व्यस्त स्थान पर हथियारबंद व्यक्ति का घूमना सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी लापरवाही दर्शाता है। फिलहाल युवक की मंशा और हथियार लाने का उद्देश्य पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा तेज हो गई है और बस स्टैंड की सुरक्षा को मजबूत करने की मांग उठने लगी है


एक टिप्पणी भेजें