जागता झारखंड दुमका ब्यूरो। पैसे के लालच में एक युवती की हत्या कर उसके शव को कुएं में फेंक देने का दिल दहला देने वाला मामला दुमका जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में सामने आया है। पुलिस ने आरोपी जागेश्वर मरांडी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी निशानदेही पर बागझोपा गांव के एक कुएं से 28 वर्षीय सरोधनी हेम्ब्रम का शव बरामद किया गया।मृतका सरोधनी टीकापहाड़ी गांव की निवासी थी, जबकि आरोपी भी इसी गांव का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, सरोधनी मजदूरी करके अपने बैंक खाते में पैसे जमा करती थी। आरोपी को इसकी भनक लग गई थी, जिसके चलते उसने एक लाख रुपये हड़पने की साजिश रची।10 फरवरी को आरोपी ने सरोधनी को किसी काम के बहाने सुनसान जगह पर बुलाया। वहां उसने युवती का मोबाइल छीन लिया और फोन-पे का पासवर्ड मांगने लगा। इंकार करने पर आरोपी ने सरोधनी के साथ मारपीट की, पासवर्ड हासिल किया और उसके खाते से एक लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। पैसे मिलने के बाद लालची आरोपी ने गला दबाकर युवती की हत्या कर दी और शव को पास के कुएं में फेंक दिया।युवती के घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। 20 फरवरी को मुफस्सिल थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। तकनीकी जांच में पुलिस को पैसे ट्रांसफर की जानकारी मिली, जिसके बाद आरोपी से कड़ी पूछताछ की गई। सख्ती के आगे आरोपी टूट गया और पूरे अपराध को कबूल कर लिया।मुफस्सिल थाना प्रभारी लोरेंसिया केरकेट्टा ने बताया, "शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।" यह घटना इलाके में सनसनी फैला रही है और ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
एक लाख रुपये के लालच में युवती की क्रूर हत्या, शव कुएं से बरामद: दुमका में सनसनीखेज मामला
जागता झारखंड
0


एक टिप्पणी भेजें