जागता झारखंड संवाददाता शिकारीपाड़ा/ दुमका:
होली पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न करने के उद्देश्य से अंचल अधिकारी कपिल देव ठाकुर की अध्यक्षता में शनिवार को शिकारीपाड़ा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा ने कहा कि पुलिस जनता की सेवा के लिए 24 घंटे समर्पित है, लेकिन अपेक्षा है आप सभी भी होली जैसे महान पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएंगे| उन्होंने कहा कि अभी रमजान का भी महीना चल रहा है इसलिए किसी को भी जबरन रंग नहीं लगाएं और ना ही अश्लील गाना बजाएं।
अंचल अधिकारी कपिल ठाकुर ने कहा कि अभी हाल में ही जिला में होली को लेकर शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया था| बैठक में दिए गए दिशा निर्देश के अनुसार होली में डीजे बजाना सख्त मना है| घटनाएं शराब के नशे में अधिक होती हैं, इसलिए हर हाल में नशा का सेवन नहीं करें| प्रशासन द्वारा ड्राई डे भी घोषित किया जाएगा| इसके साथ ही सभी चौक चौराहे पर पुलिस की तैनाती रहेगी और मैं स्वयं थाना प्रभारी के साथ शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे क्षेत्र का भ्रमण करूंगा। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद एजाज आलम के साथ शिकारीपाड़ा थाना के पुलिस पदाधिकारी, जिला परिषद सदस्य प्रकाश हांसदा, झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष चुंडा हेंब्रम, राजेश मुर्मू, विकास कुमार भगत, चंदन कुमार भगत, लाल मोहम्मद उर्फ ललका मियां, हाविल मुर्मू, सुचाद दास, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष तरुण नंदी समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।


एक टिप्पणी भेजें