जागता झारखंड ब्यूरो जरमुंडी /दुमका:-
इंटर स्टेट माइग्रेंट वर्कर यूनियन, दुमका के बैनर तले जरमुंडी प्रखंड के चमराबहियार गांव में एक विशाल आम सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में यूनियन के महासचिव पनेसाल टुडू, उपाध्यक्ष रामानंद यादव, मंत्री मनोज राय, केंद्रीय सदस्य प्रधान सोरेन, प्रदीप मंडल, प्रखंड प्रभारी हेमलाल सोरेन, ग्राम प्रधान सहित सैकड़ों मजदूर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए यूनियन के महासचिव पनेसाल टुडू ने मजदूरों के शोषण और अन्याय के खिलाफ कड़ा तेवर अपनाते हुए कहा कि अब मजदूरों के अधिकारों का हनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रवासी मजदूर देश के विकास की रीढ़ हैं, लेकिन दुर्भाग्यवश आज भी कई जगहों पर उनके साथ अन्याय, शोषण और धोखाधड़ी की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मजदूरों की मेहनत और पसीने की कमाई पर डाका डालने वालों को अब यूनियन चुपचाप नहीं देखेगी। मजदूरों का हक दिलाने के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा और जरूरत पड़ने पर सड़क से लेकर प्रशासनिक दफ्तरों तक जोरदार आंदोलन किया जाएगा।
पनेसाल टुडू ने कहा कि मजदूरों का हक हम लेकर रहेंगे, चाहे इसके लिए कितना भी बड़ा संघर्ष क्यों न करना पड़े। मजदूरों के अधिकारों के लिए यूनियन पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ लड़ाई लड़ने को तैयार है।
यूनियन के मंत्री मनोज राय ने मजदूरों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि मजदूरों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और संगठित होना होगा। उन्होंने कहा कि जब मजदूर एकजुट होकर आवाज उठाते हैं तो उनकी ताकत को कोई दबा नहीं सकता।
सभा में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सर्वसम्मति से हेमलाल सोरेन को जरमुंडी प्रखंड का प्रभारी नियुक्त किया गया। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि जरमुंडी प्रखंड के प्रत्येक गांव में यूनियन का विस्तार किया जाएगा और अधिक से अधिक मजदूरों को संगठन से जोड़कर एक मजबूत जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
सभा के अंत में उपस्थित सभी मजदूरों ने एकजुट होकर यह संकल्प लिया कि मजदूरों के हक, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए किसी भी प्रकार के अन्याय और शोषण के खिलाफ मजबूती से संघर्ष किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।



एक टिप्पणी भेजें