डीसी व एसपी का संयुक्त आदेश: रामनवमी पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 95 स्थलों पर मजिस्ट्रेट व पुलिस बल तैनात


जागता झारखंड ब्युरो पाकुड़:
रामनवमी पर्व के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इस क्रम में उपायुक्त श्री मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती निधि द्विवेदी द्वारा संयुक्त आदेश जारी कर सभी संबंधित पदाधिकारियों को उच्च स्तर की सतर्कता एवं चौकसी बरतने का निर्देश दिया गया है विदित हो कि शुक्रवार, 27 मार्च को रामनवमी का पर्व मनाया जाएगा। जिले में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु कुल 95 स्थलों पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रमुख चौक- चौराहों एवं संवेदनशील एवं अति- संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण प्रभावी ढंग से किया जा सके।

असामाजिक एवं अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर कड़ी नजर

रामनवमी के दौरान असामाजिक तत्वों एवं अफवाह फैलाने वालों पर पैनी नजर रखी जाएगी‌।सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, नफरत फैलाने या धार्मिक भावना आहत करने के प्रयास पर त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी। पदाधिकारियों को अपने सूचना तंत्र को सुदृढ़ रखते हुए हर गतिविधि पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला नियंत्रण कक्ष से होगी 24×7 मॉनिटरिंग

रामनवमी पर्व के सफल आयोजन हेतु समाहरणालय, पाकुड़ में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जहां से पूरे जिले की 24×7 निगरानी की जाएगी। नियंत्रण कक्ष में विभिन्न शिफ्टों में पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। किसी भी प्रकार की सूचना के लिए *आमजन मोबाइल नंबर 9262998612* पर संपर्क कर सकते हैं। नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में अपर समाहर्ता श जेम्स सुरीन एवं मुख्यालय डीएसपी श्री जितेन्द्र कुमार रहेंगे। साथ ही अग्निशमन विभाग को निर्देशित किया गया है कि एक अग्निशमन दस्ता पूर्ण संसाधनों एवं तत्परता के साथ नियंत्रण कक्ष में उपलब्ध रहे।

अखाड़ा दलों एवं श्रद्धालुओं से अपील

उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने अखाड़ा दलों, श्रद्धालुओं एवं पूजा आयोजकों से अपील किया है कि वे निर्धारित मार्ग, समय एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा- निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में जुलूस एवं कार्यक्रमों का आयोजन करें। सभी नागरिक साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस (100) अथवा जिला नियंत्रण कक्ष को दें मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में तैनात रहेगा पुलिस बल:- एसपी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती निधि द्विवेदी ने बताया कि सभी एसडीपीओ, थानाध्यक्ष एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा नियमित पेट्रोलिंग एवं गश्ती के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। सभी सूचनाओं का त्वरित संप्रेषण वरीय अधिकारियों तक सुनिश्चित किया जाएगा।

Post a Comment

और नया पुराने