घाघरा में स्वच्छता अभियान की शुरुवात : पैदल मार्च और व्यापक सफाई, अंचल अधिकारी ने दी सख्त चेतावनी

जागता झारखंड संवाददाता बजरंग कुमार महतो घाघरा (गुमला) :- स्वच्छ घाघरा सुंदर घाघरा अभियान के तहत अंचल प्रशासन ने शुक्रवार को भव्य पैदल मार्च निकाला। इस मार्च में अंचल अधिकारी खाखा सुशील कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) दिनेश कुमार, थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह, मुखिया योगेंद्र भगत सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी और ग्रामीणों ने भाग लिया। मार्च के माध्यम से प्रशासन ने ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प दोहराया।

पैदल मार्च से दी गई स्वच्छता की अपील

अंचल अधिकारी खाखा सुशील कुमार ने मार्च के दौरान ग्रामीणों और दुकानदारों से अपील की कि वे अपने घरों और दुकानों के आसपास सफाई बनाए रखें। उन्होंने कहा, "दुकानों का सामान अनावश्यक रूप से बाहर न रखें। दुकान के सामने कचरा पेटी जरूर रखें। घरों में सोख्ता गड्ढा बनाएं ताकि गंदा पानी सड़कों या नालियों में न बहे। याद रखें, नालियां बरसात के पानी के लिए हैं, न कि घरेलू गंदगी के लिए।" अंचल अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भविष्य में सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्वच्छता अब अनिवार्य होगी, कोई ढील नहीं बरती जाएगी। इस अपील से ग्रामीणों में स्वच्छता के प्रति नई जागरूकता का संचार हुआ।

जेसीबी-ट्रैक्टरों की मदद से व्यापक सफाई

स्वच्छता अभियान के तहत जेसीबी मशीनों और ट्रैक्टरों की मदद से सड़कों, गलियों तथा सार्वजनिक स्थलों पर जमा कचरे की बंपर सफाई अभियान चलाया गया। गुमला रोड, छठ मोहल्ला सहित अन्य प्रमुख जगहों से कचरे का मशीनों द्वारा उठाव किया गया। पूरी सफाई प्रक्रिया पर ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी गई, जिससे कार्य की पारदर्शिता सुनिश्चित हुई। इससे घाघरा के इलाके में स्वच्छता का नया रूप देखने को मिला।

समाजसेवियों और ग्रामीणों का बढ़चढ़कर किया सहयोग

इस अवसर पर बीडीओ दिनेश कुमार, थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह, मुखिया योगेंद्र भगत के अलावा मोती चौबे, शिवेश्वर सिंह, कमलेश ठाकुर, अमित ठाकुर, अशोक भगत, प्रकाश भगत, कृष्णा लोहरा, बिपिन बिहारी सिंह सहित सैकड़ों समाजसेवी और स्थानीय निवासी मौजूद रहे। अंचल अधिकारी ने अंत में लोगों से अपील की कि स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। ग्रामीणों ने इस अभियान का स्वागत करते हुए कहा कि इससे घाघरा गांव न केवल स्वच्छ बल्कि सुंदर भी बनेगा। प्रशासन ने भविष्य में ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाने का आश्वासन दिया।




Post a Comment

और नया पुराने