फतेहपुर थाना में होली को लेकर शांति समिति की बैठक, आपसी भाईचारा बनाए रखने पर जोर

 


जागता झारखंड संवाददाता संजय गोस्वामी फतेहपुर जामताड़ा : रंगों और उल्लास के महापर्व होली के मद्देनज़र गुरुवार को फतेहपुर थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। आगामी त्योहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के बीच व्यापक विचार-विमर्श हुआ। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ सह प्रभारी अंचल अधिकारी प्रेम कुमार दास ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, विश्वास और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इसे पारंपरिक मर्यादा एवं पारस्परिक सम्मान के साथ मनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर पहले आपसी संवाद से समाधान निकालने का प्रयास करें तथा स्थिति गंभीर होने पर तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचित करें। बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस इंस्पेक्टर मिन्हाज आलम एवं थाना प्रभारी अमर सिंह तोपे ने न्यायालय के निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आदेशों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान विधि-व्यवस्था, जुलूस मार्ग, यातायात संचालन, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग की समय-सीमा तथा सुरक्षा व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ मुस्तैद रहेगा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को समय रहते टाला जा सके। साथ ही आमजनों से अपील की गई कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सामाजिक समरसता को सुदृढ़ बनाए रखना तथा सभी समुदायों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा। बैठक के समापन पर उपस्थित जनों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं, जिससे वातावरण में आत्मीयता और भाईचारे की मधुर अनुभूति परिलक्षित हुई। मौके पर पूर्व प्रमुख किरण कुमारी बेसरा, अरविंद मंडल, विष्णु मंडल, वकील सोरेन, संतोष टुडू, जलालुद्दीन अंसारी, डॉ. उत्तम पंडित, अजय मेहरिया, तुलसी मंडल, अमित भैया, प्रमोद गोस्वामी, सुनील मेहरिया, नरेश बावरी, हिदायत मियां, शिबू पंडित सहित शांति समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Post a Comment

और नया पुराने