इंडिया इंटरनेशनल वाटर वीक-2026 में लोहरदगा की जल सहिया नीता लकड़ा साझा करेंगी जल प्रबंधन एवं जल संरक्षण की सफलता की कहानी

 


जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा :भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा 22 से 26 सितंबर 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में इंडिया इंटरनेशनल वाटर वीक-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष कार्यक्रम की मुख्य थीम ‘जलवायु अनुकूल जल प्रबंधन’ है। कार्यक्रम के माध्यम से जल प्रबंधन, जल सुरक्षा एवं जलवायु अनुकूल जल प्रबंधन के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों एवं उत्कृष्ट कार्यों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा।इसी क्रम में झारखंड के लोहरदगा जिले के सेरेंगहातू गांव की जल सहिया श्रीमती नीता लकड़ा का चयन इंडिया इंटरनेशनल वाटर वीक-2026 में अपने उत्कृष्ट कार्यों एवं अनुभवों को साझा करने के लिए किया गया है।

जल संरक्षण एवं प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य

नीता लकड़ा ने अपने गांव में जल प्रबंधन एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए ग्रामीण समुदाय को जागरूक करने तथा जल संरक्षण के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके कार्यों एवं अनुभवों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन के प्रयासों को पहचान दिलाना तथा अन्य ग्रामीण महिलाओं एवं समुदायों को प्रेरित करना है।23 सितंबर 2026 को भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नीता लकड़ा झारखंड में जल प्रबंधन एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में अपने अनुभवों और जमीनी स्तर पर किए गए कार्यों को साझा करेंगी।

ग्रामीण स्तर पर जल संरक्षण को बढ़ावा

स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण के तहत झारखंड में जल एवं स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जल सहियाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। जल सहियाओं द्वारा स्वच्छता, जल संरक्षण तथा ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में ग्रामीण समुदायों के साथ मिलकर कार्य किया जा रहा है। साथ ही सोख्ता गड्ढे, नालियां, लीच पिट तथा वर्षा जल संचयन जैसी गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।इस पहल से झारखंड की ग्रामीण महिलाओं की भूमिका को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान मिलेगी तथा राज्य के अन्य गांवों में भी जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन के प्रति जागरूकता और प्रेरणा को बढ़ावा मिलेगा।

राज्य की ओर से प्रतिनिधित्व

इंडिया इंटरनेशनल वाटर वीक-2026 में जल सहिया नीता लकड़ा के साथ जिला समन्वयक, स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण, लोहरदगा परवेज आलम भी साथ में नई दिल्ली जाएंगे। उनके साथ रंजीता हेम्ब्रम, अभियान निदेशक, स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, झारखंड भी उपस्थित रहेंगी।राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करने जा रहीं जल सहिया नीता लकड़ा को विभागीय सचिव अबु इमरान, भारतीय प्रशासनिक सेवा और लोहरदगा जिला के उपायुक्त संदीप कुमार मीना द्वारा शुभकामनाएं दी गई हैं।विभाग की ओर से राज्य की अन्य जल सहियाओं एवं ग्रामीण समुदायों से भी अपने-अपने गांवों में जल संरक्षण, जल प्रबंधन एवं स्वच्छता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने तथा जलवायु अनुकूल जल प्रबंधन की दिशा में सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने की अपील की गई है।

Post a Comment

और नया पुराने