जागता झारखंड संवाददाता बजरंग कुमार महतो घाघरा गुमला : उपायुक्त की पहल पर ग्रामीण क्षेत्र के कामकाजी अभिभावकों को संज्ञान में रखते हुए उनके बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों में एक सराहनीय पहल शुरू की गई है। इसके तहत “एक प्लेट काम” योजना के अंतर्गत बच्चों का जन्मदिन सामूहिक रूप से मनाया जा रहा है।इसी क्रम में घाघरा प्रखंड के कोटामाटी, घोड़ाटांगर,पाकरटोली, गम्हरिया सहित कई अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों में स्थानीय लोगों द्वारा निर्मित पालक एवं मडुवा (रागी) जैसे मोटे अनाज से बने केक का उपयोग कर बच्चों का जन्मदिन मनाया गया। इसका उद्देश्य बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखना है।बताया गया कि यह जन्मदिन कार्यक्रम हर महीने के तीसरे बुधवार को आयोजित किया जाएगा, जिसमें उसी माह जन्म लेने वाले बच्चों का जन्मदिन सामूहिक रूप से मनाया जाएगा।गम्हरिया आंगनबाड़ी केंद्र में प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रभारी महिला बाल विकास पदाधिकारी दिनेश कुमार द्वारा बच्चों से केक कटवाकर जन्मदिन मनाया गया।इस अवसर पर बीडीओ दिनेश कुमार ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें विशेष महसूस कराना है। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों के मानसिक एवं सामाजिक विकास पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।वहीं, कार्यक्रम को लेकर एलएस श्वेता ने बताया कि उपायुक्त, गुमला के निर्देशानुसार इस माह जन्म लेने वाले बच्चों का जन्मदिन मनाने का आदेश प्राप्त हुआ था, जिसके आलोक में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि आगे भी उपायुक्त के निर्देशानुसार इस पहल को नियमित रूप से जारी रखा जाएगा।




एक टिप्पणी भेजें