ट्रेंच कटाई को लेकर तिसरी के लेवड़िया टांड़ में तनाव, जेसीबी पर पथराव

 


 जागता झारखंड ब्यूरो गिरिडीह: गिरिडीह -तिसरी प्रखंड अंतर्गत गुमगी पंचायत के लेवड़िया टांड़ में बुधवार को वन विभाग द्वारा कराई जा रही ट्रेंच कटाई के दौरान तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। ट्रेंच कटाई के लिए पहुंची जेसीबी मशीन पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया, जिससे मशीन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन उसका मोबाइल फोन टूट गया।जानकारी के अनुसार, वन विभाग द्वारा पिछले कई दिनों से गुमगी मौजा के लेवड़िया टांड़ में ट्रेंच कटाई का कार्य किया जा रहा था, जिसका स्थानीय ग्रामीण विरोध कर रहे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना उनकी सहमति और स्पष्ट जानकारी के यह कार्य कराया जा रहा है। बुधवार को विरोध उग्र हो गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने जेसीबी मशीन पर पथराव कर दिया।इस संबंध में रेंजर अनिल कुमार ने बताया कि ग्रामीण वनभूमि पर अतिक्रमण कर खेती कर रहे हैं और उनके पास जमीन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या कोर्ट का स्टे ऑर्डर नहीं है। उन्होंने कहा कि पूर्व में इस मामले को लेकर गुमगी के पांच लोगों का एक शिष्टमंडल बनाया गया था और वन प्रमंडल कार्यालय में बैठक कर समझौता हुआ था। समझौते के तहत ग्रामीणों द्वारा उपयोग की जा रही जमीन पर कलमी आम के पेड़ लगाने और उसकी देखरेख व व्यवसाय ग्रामीणों द्वारा करने पर सहमति बनी थी।इधर जिला अध्यक्ष रामकुमार राउत ने बताया कि बैठक और समझौता हुआ था, लेकिन ग्रामीणों ने वनपाल को पहले एक और बैठक करने की सूचना दी थी। किसी कारणवश वह बैठक नहीं हो सकी।घटना की सूचना मिलते ही तिसरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। क्षतिग्रस्त जेसीबी मशीन को तिसरी बिट कार्यालय लाया गया। रेंजर ने बताया कि घटना की जानकारी वरीय पदाधिकारियों को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

और नया पुराने