महासदाशिव मंदिर मरदा की 8वीं वर्षगांठ भव्य और ऐतिहासिक होगी : - अध्यक्ष विज्ञान कुमार सिंह




जागता झारखंड बसंत कुमार गुप्ता, गुमला।रायडीह प्रखंड के मरदा ग्राम स्थित महासदाशिव मंदिर में मंदिर की 8वीं वर्षगांठ के सफल आयोजन को लेकर रविवार को अंतिम तैयारी बैठक अध्यक्ष विज्ञान कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। यह भव्य आयोजन आगामी 19 एवं 20 फरवरी 2026 को आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।

बैठक में मुख्य रूप से आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विस्तृत चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम की जानकारी हर पंचायत तक पहुँचाने के लिए पर्चे (लीफलेट), बैनर एवं स्टिकर वितरित किए जाएंगे। बैठक में उपस्थित सदस्यों को प्रचार सामग्री सौंपी गई ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कर सकें। साथ ही ग्रामीणों को आमंत्रण स्वरूप अक्षत भी वितरित किए गए।

साथ ही निर्णय लिया गया कि आयोजन हेतु दान स्वरूप प्राप्त होने वाली सामग्रियाँ — जैसे पत्तल, चावल एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं को व्यवस्थित रूप से एकत्रित करने के लिए प्रत्येक पंचायत में एक संग्रह केंद्र बनाया जाएगा। जिसकी जिम्मेदारी मंदिर समिति के नामित सदस्यों को सौंपी गई है, ताकि दान सामग्री का सुचारु संग्रहण सुनिश्चित किया जा सके।

इस दो दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत भव्य कलश यात्रा आयोजित की जाएगी, जिसमें लगभग पांच हजार महिलाओं की सहभागिता की संभावना है।इस दौरान एक आकर्षक झांकी भी निकाली जाएगी, जो 101 झंडों के साथ श्रद्धा,उत्साह एवं भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न होगी। इसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें तीस हजार से अधिक श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था की जाएगी।

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी देशभर से आचार्य एवं साधु-संतों का आगमन होगा। विशेष रूप से 

त्रयंबकेश्वर (नासिक) से 11 आचार्य,

बद्रीविशाल स्थित शंकराचार्य आश्रम से ब्रह्मचारी मुकुंदानंद महाराज,

विद्या आश्रम गुरुकुल, बनारस से 15 छात्र कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।

इसके अतिरिक्त भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हर वर्ष की तरह इस बार भी 15,000 से अधिक दर्शकों के सम्मिलित होने की संभावना है। प्रमुख आकर्षण होंगे जिसमें

प्रसिद्ध नागपुरी कलाकारों की प्रस्तुति,

भव्य बनारस गंगा आरती,साधु-संतों का प्रवचन,24 घंटे का अखंड हरि कीर्तन,

“हुलास ग्रुप” द्वारा विशेष कार्यक्रम।

समिति ने संकल्प व्यक्त किया कि महासदाशिव मंदिर की 8वीं वर्षगांठ को इस वर्ष और भी अधिक भव्य, ऐतिहासिक एवं श्रद्धा से परिपूर्ण बनाया जाएगा।मौके पर मुख्य संयोजक अनिरुद्ध सिंह,सचिव जगदीश सिंह, सच्चिदानंद पांडा,युगल केश्वर पांडेय,योगेंद्र सिंह,दामोदर कसेरा, सरजू प्रसाद, सुरेश सिंह, संजय कुमार सिंह, कमल राम रजक, श्याम लाल साहू, भागवत सिंह, श्याम सुंदर साहू,प्रीत कुमार गुप्ता, राजकिशोर साहू, दीपक साहू ,अर्जुन मल्लाह आदि उपस्थित थे।

Post a Comment

और नया पुराने