बिजली तार की चपेट में आने से पुआल लदी वैन जली, 12 लाख के नुकसान का अनुमान

 




जागता झारखंड संवाददाता संजय गोस्वामी फतेहपुर जामताड़ा  : बिंदापाथर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनाबाँक के समीप शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। मुर्गीबानी-नाला मुख्य मार्ग पर स्थित एक स्कूल के पास पुआल (बिचाली) से लदा पिकअप वाहन 11 हजार वोल्ट के हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आ गया, जिससे वाहन में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा वाहन जलकर राख हो गया। इस घटना में वाहन और पुआल सहित लगभग 12 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप वाहन मुख्य मार्ग से गुजर रहा था और उस पर भारी मात्रा में पुआल लदा था। सड़क के ऊपर से गुजर रहे बिजली तार की ऊंचाई कम होने के कारण पुआल का ऊपरी हिस्सा तार से छू गया। संपर्क होते ही शॉर्ट सर्किट हुआ और चिंगारी निकलते ही पुआल में आग लग गई। अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण पुआल ने कुछ ही पलों में आग को विकराल रूप दे दिया।घटना के समय सड़क पर अफरातफरी मच गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए जलते वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। हालांकि वाहन को बचाया नहीं जा सका। सूचना पर दमकल दल लगभग एक घंटे बाद मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला बिजली तार के संपर्क से हुए शॉर्ट सर्किट का प्रतीत होता है। हादसे में दो बिजली पोलों के तार भी जल गए, जिससे आसपास के गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। ग्रामीणों ने जर्जर व झूलते तारों की जांच और मरम्मत की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Post a Comment

और नया पुराने