जामताड़ा के मजदूर के बेटे ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दिखाया कमाल





जागता झारखंड संवाददाता संजय गोस्वामी फतेहपुर जामताड़ा  : जामताड़ा जिले के होनहार छात्र अरिजीत सिंह ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से जिले का नाम राज्य स्तर पर रोशन किया है। झारखंड सरकार के तत्वावधान में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची द्वारा 23 दिसम्बर को आयोजित राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता-सह-प्रदर्शनी 2025-26 में डीआर के प्लस टू हाई स्कूल, मंझलाडीह के अरिजीत सिंह ने इलेक्ट्रॉनिक्स और हार्डवेयर ट्रेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। अरिजीत सिंह नाला प्रखंड क्षेत्र के पंचायत जामदेही के ग्राम कड़ैया के निवासी हैं। उनके पिता जयंत सिंह कलकत्ता में मजदूरी करते हैं। वर्तमान में अरिजीत कक्षा 11वीं, मैथ्स-साइंस स्ट्रीम के छात्र हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी लगन, मेहनत और नवाचारी सोच से यह सफलता हासिल की, जो एक प्रेरक उदाहरण के रूप में सामने आई है। अरिजीत की इस सफलता में उनके विद्यालय के शिक्षकों की मार्गदर्शक भूमिका महत्वपूर्ण रही। प्रतियोगिता में प्रस्तुत उनका स्मार्ट हेलमेट प्रोजेक्ट अत्याधुनिक तकनीक का परिचायक है। यह हेलमेट वाहन के इंजन से जुड़ा रहता है, जिससे हेलमेट पहनने पर ही वाहन स्टार्ट होता है और हेलमेट हटाते ही इंजन स्वतः बंद हो जाता है। इस तकनीक से न केवल सड़क सुरक्षा बढ़ती है, बल्कि बिना हेलमेट वाहन चलाने पर रोक लगती है। हेलमेट में एल्कोहल डिटेक्टर और ब्लूटूथ तकनीक भी शामिल है। शराब के प्रभाव में वाहन चलाने का प्रयास करने पर इंजन स्टार्ट नहीं होगा। साथ ही, आपात स्थिति में हेलमेट से कॉल रिसीव करने की सुविधा भी उपलब्ध है, जो यातायात सुरक्षा के नए मानक स्थापित करती है। अरिजीत की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं और स्थानीय नागरिकों ने उन्हें बधाई दी। सभी ने इसे न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जामताड़ा जिले के लिए गर्व की बात बताया। यह सफलता विद्यार्थियों में नवाचार, तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के प्रति नई प्रेरणा भी जगाती है।अरिजीत का यह प्रोजेक्ट यह संदेश देता है कि संसाधनों की कमी कभी भी प्रतिभा और मेहनत के रास्ते में बाधा नहीं बन सकती। उनकी लगन, रचनात्मक सोच और समर्पण युवा छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जो कठिन परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।

Post a Comment

और नया पुराने