पूर्व विधायक कमल किशोर भगत की चतुर्थ पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, नम आंखों से दी गई श्रद्धांजलि


जागता झारखंड संवाददाता, सनाउल्लाह अंसारी लोहरदग

:झारखंड आंदोलन के प्रखर नेता, पूर्व विधायक और गरीबों के मसीहा माने जाने वाले स्वर्गीय कमल किशोर भगत की चतुर्थ पुण्यतिथि मंगलवार को लोहरदगा ब्लॉक मोड़ स्थित उनके आवास पर गरिमामय ढंग से मनाई गई। इस अवसर पर जिले के कोने-कोने से आए सैकड़ों लोगों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्वर्गीय भगत को झारखंड आंदोलन का एक सच्चा सिपाही और निडर योद्धा बताया। लोगों ने याद किया कि किस तरह उन्होंने आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन के मुद्दों को विधानसभा में मुखरता से उठाया था। वे न केवल एक राजनेता थे बल्कि गरीबों के दुख-दर्द को समझने वाले एक अभिभावक की भूमिका में भी रहे।

नीरू शांति भगत ने साझा की अपनी यादें

उनकी धर्मपत्नी नीरू शांति भगत ने भावुक होते हुए कहा आज के दिन हमने न केवल अपना जीवनसाथी खोया, बल्कि लोहरदगा ने अपना सच्चा हमदर्द और विकास का सपना देखने वाला एक दूरदर्शी नेता खो दिया। उन्होंने कहा कि 17 दिसंबर झारखंड के लिए एक दुखद दिन है। कमल किशोर भगत का सपना एक विकसित और उत्कृष्ट झारखंड बनाना था, जिसके लिए वे निरंतर प्रयासरत रहे। झामुमो जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने कहा कि झारखंड को अलग राज्य बनाने की दिशा में भगत जी का पराक्रम और नेतृत्व क्षमता ऐतिहासिक रही है। आंदोलनकारी महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष राजू महतो ने प्रकाश डाला कि किस तरह उन्होंने रांची और लोहरदगा में युवाओं का हौसला बढ़ाया और आंदोलन को आर्थिक संबल प्रदान किया। महासचिव मो. कय्यूम खान ने कहा कि उनका लक्ष्य लोहरदगा को देश के मानचित्र पर एक अग्रणी जिला बनाना था। सभा में उपस्थित झामुमो महिला अध्यक्ष राधा तिर्की और अन्य नेताओं ने संकल्प लिया कि वे स्वर्गीय भगत के पदचिन्हों पर चलते हुए प्रकृति के साथ तालमेल बिठाकर झारखंड को एक सुंदर और विकसित राज्य बनाने के उनके अधूरे सपनों को पूरा करेंगे। कार्यक्रम में राजद जिलाध्यक्ष शाहिद अहमद, केंद्रीय महिला संयोजिका विनिता खलखो, सूरज अग्रवाल, बबलू महतो, शाहिद अंसारी, विजय उरांव, कलीम, पंकज मिश्रा, अनिल उरांव, अजय उरांव, कुडू प्रखंड प्रमुख मुन्नी उरांव समेत सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Post a Comment

और नया पुराने