जागता झारखंड संवाददाता बजरंग कुमार महतो घाघरा (गुमला) :- भारतीय जनता पार्टी आदर मंडल के तत्वावधान में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की विधानसभा स्तरीय स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया गया। मंडल अध्यक्ष पप्पू गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा के दिग्गज नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शिरकत कर अटल जी के विराट व्यक्तित्व को याद किया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद समीर उरांव ने अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उन्हें 'युगपुरुष' बताया। उन्होंने कहा कि अटल जी का पूरा जीवन राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित था। विशेषकर जनजातीय समाज के प्रति उनके प्रेम को याद करते हुए श्री उरांव ने कहा, "अटल जी ने आदिवासियों के सर्वांगीण विकास के लिए जो बीज बोया था, आज वही वटवृक्ष बनकर समाज को छाया दे रहा है। आज आदिवासी समाज जो गौरव महसूस कर रहा है, उसकी नींव अटल जी ने ही रखी थी।" उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके सिद्धांतों को घर-घर तक पहुँचाने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद पूर्व सांसद सुदर्शन भगत ने अटल जी के साहसिक नेतृत्व की चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने विपरीत वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत को 'परमाणु शक्ति संपन्न' राष्ट्र बनाकर दुनिया में देश का मान बढ़ाया। उन्होंने आगे कहा कि सुशासन और अंत्योदय की जो राह उन्होंने दिखाई, वह हर राजनीतिक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका जीवन एक खुली किताब है, जो हमें सिखाती है कि राजनीति केवल सत्ता के लिए नहीं, बल्कि सेवा के लिए होनी चाहिए। इस सम्मेलन में प्रदेश मंत्री मुनेश्वर साहू, भिखारी भगत, राम अवतार भगत और छोटेलाल उरांव,देवेंद्र लाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए और अटल जी के सपनों का भारत बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मुख्य रूप से गोपाल गोप, जगत ठाकुर, केदार साहू, पवन भगत, लक्ष्मी साहू, तेजू महतो, जालंधर साहू, लाल साहू सहित सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और प्रबुद्ध ग्रामीण उपस्थित थे।






एक टिप्पणी भेजें