लोहरदगा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी छापेमारी, एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट,खाद्य सुरक्षा विभाग का औचक निरीक्षण, तीन दुकानों पर ₹5-5 हजार का जुर्माना


जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा:खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन और आम नागरिकों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा व्यापक निरीक्षण एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मोईन अख्तर तथा विश्वनाथ गगराई ने किया।इस विशेष औचक निरीक्षण में किस्को मोड़, कचहरी मोड़, ब्लॉक मोड़, बाबा मठ चौक, पावरगंज चौक, सोमवार बाजार, न्यू रोड, मिशन चौक, गुगला रोड, बी.एस. कॉलेज रोड एवं बरवाटोली चौक स्थित लगभग तीन दर्जन दुकानों पर छापेमारी की गई तथा दस्तावेजों की गहन जांच की गई।छापेमारी के दौरान मुख्य रूप से खाद्य पदार्थों के पैकेटों पर अंकित एक्सपायरी तिथि, निर्माण तिथि, बैच नंबर आदि की जांच की गई। विदित हो कि एक्सपायरी तिथि, निर्माण तिथि अथवा बैच नंबर में छेड़छाड़ करना या इनके बिना खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं विक्रय करना दंडनीय अपराध है।निरीक्षण के क्रम में न्यू रोड स्थित मेसर्स अशोक होटल में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। बाबा मठ स्थित मेसर्स नंदकिशोर किराना दुकान में एक्सपायरी चिप्स, बिस्कुट, कॉर्नफ्लेक्स आदि तथा बी.एस. कॉलेज रोड स्थित मेसर्स भगवती स्टोर में एक्सपायरी स्नैक्स, बिस्कुट एवं सत्तू बिक्री के लिए रखे पाए गए। इन तीनों प्रतिष्ठानों से खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत ₹5,000-₹5,000 का अर्थदंड वसूला गया।ब्लॉक मोड़ स्थित मेसर्स एस.आर. जनरल स्टोर तथा मेसर्स प्रमोद जनरल स्टोर से बिना निर्माण तिथि, बैच नंबर एवं एक्सपायरी तिथि वाले नूडल्स एवं बेसन बरामद किए गए। दोनों प्रतिष्ठान संचालकों को ऐसे मिथ्या-छाप उत्पादों की बिक्री नहीं करने की हिदायत दी गई तथा निर्माणकर्ता कंपनी को सुधार हेतु नोटिस जारी किया गया।इसी प्रकार पावरगंज चौक स्थित मेसर्स रंगोली स्टोर से एक्सपायरी पावरोटी, मेसर्स अपना मार्ट से एक्सपायरी सत्तू एवं अदरक-लहसुन पेस्ट, किस्को मोड़ स्थित मेसर्स एस.एस. मार्ट से दो पैकेट एक्सपायरी सत्तू, कचहरी मोड़ स्थित मेसर्स राजलक्ष्मी किराना दुकान से दो पैकेट एक्सपायरी जीरा, मेसर्स मधुर आयुर्वेदिक हाउस से दो पैकेट पतंजलि ब्रांड मैदा तथा बरवाटोली चौक स्थित मेसर्स बसंत कुमार से तीन पैकेट आइसक्रीम बरामद किए गए। सभी जब्त खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।सभी खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति नहीं करने का निर्देश दिया गया तथा चेतावनी दी गई कि दोबारा उल्लंघन पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक कर्मी रजनीश कुमार भी उपस्थित थे।

Post a Comment

और नया पुराने