जागता झारखंड दुमका ब्यूरो। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान और झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर दुमका जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष स्टीफन मरांडी के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के मनरेगा योजना से महात्मा गांधी के नाम को हटाने के फैसले का विरोध किया।जिला कांग्रेस कार्यालय से पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शनकारियों ने उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति को दो सूत्री मांगों वाला ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा। मांगों में मनरेगा से गांधीजी का नाम बहाल करने और इस 'तुगलकी फरमान' को वापस लेने की अपील की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भारत गांधी का देश है और उनका नाम हटाना नाजायज है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता श्यामल किशोर सिंह ने कहा, "देश अब भाजपा के हाथों सुरक्षित नहीं है। हम सड़क पर उतरकर मनरेगा से गांधी नाम हटाने का विरोध करेंगे।" जिला अध्यक्ष स्टीफन मरांडी ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "यह सरकार नाम बदलने को छोड़कर कुछ जानती ही नहीं। देश का बेड़ा गर्क हो रहा है। हम ईंट से ईंट बजाकर इसे उखाड़ फेंकेंगे।"मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष महेश राम चंद्रवंशी, वरिष्ठ नेता प्रोफेसर मनोज अंबष्ट, प्रेम कुमार साह, राजीव कुमार जायसवाल, महासचिव महबूब आलम, अरविंद कुमार, नगर अध्यक्ष अलीमाम, टिंकू, स्टीफन बेसरा, दुमका प्रखंड अध्यक्ष सुनील किसकु, जरमुंडी प्रखंड अध्यक्ष सत्यनारायण यादव, अमित शर्मा, दशरथ मंडल, हारून, अशरफ समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।


एक टिप्पणी भेजें