जागता झारखंड संवाददाता शिकारीपाड़ा (दुमका): शिकारीपाड़ा प्रखण्ड सभागार में सोमवार को बाल कल्याण एवं प्रवाह संस्था के संयुक्त तत्वावधान में प्रखण्ड स्तरीय बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति और बाल संरक्षण से जुड़े प्रखण्ड व जिला स्तरीय हितधारकों की बैठक का आयोजन किया गया।बैठक की अध्यक्षता प्रखण्ड विकास पदाधिकारी मो एजाज आलम ने की। उन्होंने बताया कि यह बैठक बच्चों की देखभाल व संरक्षण को लेकर आयोजित की गई है, जिसका उद्देश्य बाल यौन शोषण, बाल विवाह, बाल मजदूरी, मानव तस्करी, बच्चों के खिलाफ अपराध और ड्रॉप आउट जैसी समस्याओं के प्रति विभिन्न हितधारकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसके माध्यम से बाल संरक्षण को प्रभावी बनाए जाने तथा बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए काम किया जाएगा।प्रखण्ड विकास पदाधिकारी ने आँगनवाड़ी सेविका, शिक्षक, पंचायत सचिव और अन्य समितियों को बाल हितैषी नवाचार, मनोरंजक व प्रेरणादायी पहलें करने की आवश्यकता पर जोर दिया ताकि बच्चों का शैक्षणिक विकास और संरक्षण सुनिश्चित हो सके।प्रवाह संस्था के परियोजना समन्वयक प्रेम कुमार ने ग्राम व पंचायत स्तर पर स्थानीय संस्थानों को सशक्त बनाए जाने और मॉडल आँगनवाड़ी प्ले स्कूल, वित्तीय समावेशन कार्यक्रम, पुलिस जन शिकायत समाधान, स्कूल रुआड़, बाल विवाह मुक्त भारत अभियान जैसे अच्छे प्रयासों के बारे में अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जिन पंचायतों में स्थानीय समितियाँ सक्रिय हैं वहाँ बाल दुर्व्यवहार की घटनाएं काफी कम हैं।बैठक में प्रखण्ड विकास पदाधिकारी ने 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत बाल विवाह रोकने हेतु सभी हितधारकों से शपथ दिलाई तथा पंचायत स्तर पर बाल संरक्षण संबंधी कार्यक्रम आयोजित करने के आदेश दिए।इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी, जिला बाल संरक्षण इकाई के प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संस्थान ग्राम ज्योति व स्पैन के सदस्य, पंचायत सचिव, आँगनवाड़ी पर्यवेक्षिका, सेविका, मुखिया, शिक्षक और अन्य हितधारक उपस्थित थे।



एक टिप्पणी भेजें