शमीम अहसन जागता झारखंड ब्यूरो गोड्डा: हरियाणा के ऐतिहासिक शहर पानीपत में 01 से 05 नवंबर तक आयोजित होने जा रही 69वीं अंडर-19 फ्री स्टाइल राष्ट्रीय विद्यालयी कुश्ती प्रतियोगिता के लिए झारखंड की टीम बुधवार की शाम रांची से पानीपत के लिए रवाना हुई। राज्य स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को चयनित कर इस टीम का गठन किया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला कुश्ती संघ, गोड्डा के सचिव सुरजीत झा ने बताया कि झारखंड टीम में गोड्डा जिले के दो होनहार पहलवानों का चयन किया गया है। इनमें वीर कुंवर सिंह इंटर कॉलेज के छात्र जीत सिंह और उत्क्रमित उच्च विद्यालय रमला के छात्र रामचंद्र मंडल शामिल हैं। दोनों पहलवानों ने हाल ही में आयोजित राज्य स्तरीय विद्यालयी कुश्ती प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए झारखंड टीम में अपनी जगह बनाई थी। सुरजीत झा ने बताया कि यह गोड्डा जिले के लिए गर्व की बात है कि यहां के खिलाड़ी अब राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि से जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए उत्साहित होंगे। जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारियों ने दोनों पहलवानों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई है कि वे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर झारखंड का परचम लहराएंगे। खेल प्रेमियों और प्रशिक्षकों ने भी गोड्डा के इन दोनों खिलाड़ियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया है। गोड्डा के स्थानीय खेल प्रेमियों का कहना है कि यदि जिले के खिलाड़ियों को उचित सुविधा, प्रशिक्षण और सहयोग मिले तो वे राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं। झारखंड टीम की इस यात्रा के साथ जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। सभी की निगाहें अब पानीपत के अखाड़े पर टिकी हैं, जहाँ गोड्डा के पहलवान जीत सिंह और रामचंद्र मंडल अपने दांव-पेंच से प्रदेश का मान बढ़ाने को तत्पर हैं।
69वीं अंडर-19 फ्री स्टाइल राष्ट्रीय विद्यालयी कुश्ती प्रतियोगिता के लिए झारखंड टीम रवाना, गोड्डा के दो पहलवान भी शामिल
Jagta jharkhand
0



एक टिप्पणी भेजें